नई दिल्ली: पुडुचेरी में चल रहे विधानसभा चुनावों के दौरान एक पोलिंग बूथ पर अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां पर लोगों का स्वागत करने के लिए एक रोबोट मौजूद है, जिसका नाम नीला है. इस रोबोट को VOC सरकारी स्कूल के पोलिंग स्टेशन पर तैनात किया गया था. इसने मतदाताओं का स्वागत किया और उन्हें सभी जरूरी जानकारी भी दी.
रोबोट के ऑपरेटर के अनुसार, नीला एक इवेंट-आधारित रोबोट है, जो शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे इवेंट्स के लिए बनाया गया है. हम कोयंबटूर से आए हैं. नीला रोबोट में कई फीचर्स हैं. इसमें एक वॉइस फीचर भी है और यह खुद से बात भी कर सकती है. हम इसमें कमांड डाल सकते हैं और पास खड़े व्यक्ति को वह आवाज़ सुनाई देगी. यहां यह वोटरों का स्वागत कर रही है." यहां देखें पोस्ट-
VIDEO | Puducherry polls 2026: Robot welcomes voters at polling booth in Puducherry.
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7)#AssemblyPollsWithPTI#PuducherryPollsWithPTI pic.twitter.com/i1m4o92ZUo
— Press Trust of India (@PTI_News) April 9, 2026
पुडुचेरी में नई विधानसभा चुनने के लिए मतदान चल रहा है. यहां पर 30 सीटों के लिए 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इस केंद्र शासित प्रदेश में 1,099 पोलिंग स्टेशन लगाए गए हैं, जहां पर लगभग 9.50 लाख मतदाता वोट कर सकते हैं. इनमें से 30 पोलिंग स्टेशनों का प्रबंधन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है.
इसके अलावा चुनाव आयोग ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी हैं, जिनमें व्हीलचेयर और 2200 युवा स्वयंसेवकों की सहायता शामिल है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से आग्रह किया है कि वो बड़ी संख्या में मतदान करें. एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्हें कहा है कि पुडुचेरी के भविष्य को संवारने के लिए हर एक वोट महत्वपूर्ण है.
पुडुचेरी में NDA सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है. वहीं, INDIA गठबंधन सत्ता में वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रही है. इस बार अभिनेता विजय की नवगठित पार्टी, तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) भी चुनावी मैदान में उतरी है. अब देखना यह होगा कि इस बार कौन-सी पार्टी बाजी मार लेती है.