IPL 2026 Assembly Election 2026

आज होगा फैसला, पुडुचेरी की हॉट सीट पर किसकी होगी जीत? बीजेपी की पकड़ होगी मजबूत या कांग्रेस की वापसी

पुडुचेरी की कामराज नगर सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. महिला मतदाता इस सीट पर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं. चलिए जानते हैं आखिर क्यों इतना खास है ये सीट.

Pinterest
Km Jaya

पुडुचेरी: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव नतीजों के बीच कामराज नगर विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. 4 मई 2026 को यानी आज चुनाव परिणामों पर पूरे देश की नजर बनी हुई है और इस सीट को पुडुचेरी की सबसे हॉट सीटों में माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यहां का जनादेश केंद्र शासित प्रदेश की व्यापक राजनीतिक दिशा का संकेत दे सकता है.

कामराज नगर पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में 10वें स्थान पर आता है. यह सीट राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुकी है. मौजूदा चुनावी आंकड़ों पर एक नजर डालें तो पता चलता है कि कामराज नगर में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है.

इस सीट पर कुल कितने मतदाता हैं?

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस सीट पर कुल 34,676 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें 16,456 पुरुष मतदाता और 18,214 महिला मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा 6 थर्ड जेंडर मतदाता भी दर्ज हैं. इस सीट पर महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है, जिससे महिला वोटर इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं. क्षेत्र का जेंडर रेशियो 1,107 है, जो इसे और खास बनाता है.

2021 के चुनाव में किसने की थी जीत दर्ज?

2021 के विधानसभा चुनाव में ए. जॉन कुमार ने बड़ी जीत दर्ज की थी. उन्होंने कांग्रेस के एम.ओ.एच.एफ. शाहजहां को 7,229 वोटों के बड़े अंतर से हराया था. जॉन कुमार को उस चुनाव में 56.11 प्रतिशत वोट मिले थे. इस जीत के साथ बीजेपी ने कांग्रेस के मजबूत गढ़ में सेंध लगाई थी.

कैसा रहा है यहां का चुनावी इतिहास?

इससे पहले यह सीट लंबे समय तक कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी. वे. वैथिलिंगम ने 2011 और 2016 में लगातार यहां जीत दर्ज की थी. 2016 में उन्होंने अन्नाद्रमुक उम्मीदवार को 5,106 वोटों से हराया था.

भौगोलिक रूप से यह सीट ओझुकरई नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 से 17 तक फैली हुई है और करीब 3 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में स्थित है. 2021 में यहां 76.78 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो मतदाताओं की जागरूकता को दिखाता है.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बीजेपी यहां अपनी जीत दोहरा पाएगी या कांग्रेस वापसी कर इतिहास बदल देगी. क्षेत्रीय दल भी मुकाबले को रोचक बना रहे हैं.