menu-icon
India Daily

Kerala Election Results 2026: केरल की सियासत का निर्णायक दिन आज, CM विजयन के लिए परीक्षा? इन सीटों पर फोकस

केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बीच धर्मडम, नेमोम, पेरावूर, त्रिशूर, हरिपद और मट्टन्नूर जैसी सीटों पर खास नजरें हैं. मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सीट धर्मडम से लेकर हर सीट राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकती है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Kerala Election Results 2026: केरल की सियासत का निर्णायक दिन आज, CM विजयन के लिए परीक्षा? इन सीटों पर फोकस
Courtesy: Pinterest

Kerala Election Results 2026: सियासत की सबसे खूबसूरत बात यही है कि उसकी तस्वीर समय के अनुसार बदलती है. केरल में आज सियासी तस्वीर साफ होने लगी है, जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ रहे हैं. शुरुआती रुझानों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. इस बार कुछ खास सीटें पूरे चुनाव का केंद्र बन गई हैं. इन सीटों पर बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है, इसलिए यहां के नतीजे सिर्फ जीत-हार नहीं, बल्कि राज्य की राजनीतिक दिशा भी तय करेंगे.

धर्मडम सीट CM विजयन के लिए खास 

धर्मडम सीट पर सबसे ज्यादा ध्यान इसलिए है क्योंकि यह मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की पारंपरिक सीट रही है. यहां का परिणाम सीधे तौर पर उनके नेतृत्व और वाम मोर्चे की पकड़ को दर्शाएगा. उनके सामने कांग्रेस और भाजपा दोनों की चुनौती है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. इस सीट का फैसला पूरे राज्य में राजनीतिक संदेश देने वाला माना जा रहा है.

नेमोम सीट पर किसके नाम का बजेगा डंका

नेमोम सीट इस चुनाव में भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है. यहां से राजीव चंद्रशेखर मैदान में हैं और शुरुआती रुझानों में उन्हें बढ़त मिलती दिख रही है. वाम मोर्चे के वी. शिवनकुट्टी और कांग्रेस के के.एस. सबरीनाथन भी मजबूत दावेदार हैं. त्रिकोणीय मुकाबले वाली इस सीट का परिणाम भाजपा के भविष्य की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम होगा.

पेरावूर सीट पर बेहद कड़ा मुकाबला

पेरावूर सीट पर मुकाबला सीधा और बेहद कड़ा नजर आ रहा है. माकपा की वरिष्ठ नेता के.के. शैलजा और कांग्रेस के सनी जोसेफ आमने-सामने हैं. दोनों ही नेताओं की अपनी मजबूत पकड़ है, जिससे यह सीट हाई-वोल्टेज बन गई है. यहां का परिणाम एलडीएफ और यूडीएफ के बीच ताकत के संतुलन को स्पष्ट करेगा.

त्रिशूर सीट की भी बदल जाएगी तस्वीर?

त्रिशूर सीट भी इस बार राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है. लोकसभा चुनाव में भाजपा की सफलता के बाद यह सीट और अहम हो गई है. यहां भाजपा, कांग्रेस और वाम दलों के बीच सीधी टक्कर है. तीनों दल अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं, इसलिए नतीजा राज्य के सियासी संतुलन को प्रभावित कर सकता है.

हरिपद और मट्टन्नूर सीटों के बारे में भी

हरिपद और मट्टन्नूर सीटों पर भी नजरें टिकी हैं. हरिपद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला की प्रतिष्ठा दांव पर है, जहां उन्हें वाम मोर्चे की कड़ी चुनौती मिल रही है. वहीं मट्टन्नूर में बदले हुए समीकरणों के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है. इन सीटों के नतीजे यह तय करेंगे कि केरल की राजनीति में आगे किसकी पकड़ मजबूत होगी.