'NDA की हैट्रिक और कांग्रेस की हार की सेंचुरी तय', असम के बारपेटा में बोलें पीएम मोदी

असम विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बारपेटा पहुंचे हैं. जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है.

X (@narendramodi)
Shanu Sharma

असम विधानसभा चुनाव में अब महज कुछ दिनों  का समय बचा है. उससे पहले आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बारपेटा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव में NDA की लगातार तीसरी जीत का भरोसा जताया. साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की 'हारों की सेंचुरी' पक्की है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम की जनता ने दो फैसले कर लिए हैं. पहला, असम में BJP-NDA सरकार की हैट्रिक होगी. दूसरा, दिल्ली में बैठे शाही परिवार के नेताओं की हार का आंकड़ा इस बार सेंचुरी तक पहुंच जाएगा. उन्होंने कहा कि BJP के लिए हैट्रिक और नामदार के लिए हारों की सेंचुरी का काम असम की जनता ही करेगी.

भारतीय जनता पार्टी की स्थापना दिवस पर बधाई

बारपेटा में संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने पिछले दस वर्षों में असम में शांति और विकास के लिए की गई सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में असम पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर राज्य बनेगा. भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है. उन्होंने पूरे देश और दुनिया भर के BJP कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पार्टी का लक्ष्य भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है.

कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि यह पार्टी अब दो राज्यों तक सिमट कर रह गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में दूरदर्शिता की कमी है और वह भ्रष्टाचार से प्रेरित सोच के साथ काम करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी अपने काम का रिपोर्ट कार्ड लेकर लोगों के पास नहीं जाती, जबकि BJP अपनी उपलब्धियां और काम पारदर्शी तरीके से लोगों के सामने रखती है.

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सेना की बहादुरी का अपमान करते हैं. उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर कांग्रेस का रुख पाकिस्तान के एजेंडे से मेल खाता है. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन के मामले में भी सेना के साथ विश्वासघात किया है.