menu-icon
India Daily

10 साल की शादी तोड़कर महिला ने पाल लिया सुअर, बोली- 'एक सुअर को छोड़कर...'

अमेरिका की एक महिला ने 10 साल की शादी खत्म होने के बाद पालतू सुअर पालने का अपना पुराना सपना पूरा किया. अब वह छोटा फार्म बनाने की तैयारी कर रही है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
10 साल की शादी तोड़कर महिला ने पाल लिया सुअर, बोली- 'एक सुअर को छोड़कर...'
Courtesy: AI

अमेरिका के टेनेसी राज्य के नैशविले की रहने वाली 33 वर्षीय गैला थॉम्पसन ने 10 साल की शादी खत्म होने के बाद अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने कोई महंगी कार या घर नहीं खरीदा, बल्कि अपने पुराने सपने को पूरा करते हुए एक पालतू सुअर पाल लिया. नवंबर 2025 में वह आठ सप्ताह की डेजी को अपने घर लेकर आईं. उस समय उसका वजन करीब 9 पाउंड यानी 4 किलो था.

थॉम्पसन ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैंने एक सुअर को छोड़कर दूसरा सुअर पाल लिया.' उनका इशारा अपने पूर्व पति की ओर था. उन्होंने बताया कि उनके पूर्व पति उन्हें घर में पालतू सुअर रखने की इजाजत नहीं देते थे. तलाक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने सबसे पहले अपना यह सपना पूरा किया.

घर में डेजी के लिए हैं खास इंतजाम

अब डेजी चार महीने की हो चुकी है और उसका वजन करीब 50 पाउंड यानी 22.7 किलो है. उसके लिए घर में अलग बिस्तर, खिलौने और टॉयलेट बॉक्स की व्यवस्था की गई है. थॉम्पसन उसे पट्टे से बांधकर बाहर घुमाने भी ले जाती हैं.

वह बताती हैं कि डेजी स्थानीय पेट स्टोर में काफी लोकप्रिय है. वहां के कर्मचारी उसे पहचानते हैं और प्यार करते हैं. डेजी दुकान के हर हिस्से में घूमती है और सफाई में भी मदद करती है. इसके अलावा वह सोनिक नाम के फास्ट फूड आउटलेट पर भी जाती है. वहां कर्मचारी उसे पहचानते हैं और उसके लिए खास ड्रिंक ट्रीट तैयार करते हैं.

बचपन से ही जानवरों से रहा है लगाव

थॉम्पसन के मुताबिक, उनके परिवार को घर में सुअर पालने के फैसले पर कोई हैरानी नहीं हुई. उन्हें बचपन से ही जानवरों से बेहद लगाव रहा है. वह घायल पक्षियों और दूसरे छोटे जीवों को बचाने और उनकी देखभाल करने का काम करती थीं.

उन्होंने कहा, 'आपने चार्लोट्स वेब फिल्म देखी है? मैं उस फिल्म की छोटी लड़की जैसी हूं. मैं बचपन से ही पक्षियों के बच्चों को बचाती और उनकी देखभाल करती रही हूं.' इससे पहले वह इंग्लिश मास्टिफ और ग्रेट डेन जैसी बड़ी नस्लों के कुत्ते भी पाल चुकी हैं.

घर को सुअर के हिसाब से करना पड़ा तैयार

डेजी को पालना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव रहा. थॉम्पसन बताती हैं कि करीब तीन महीने की उम्र में डेजी ने अलमारियां खोलना और उनमें रखा सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था. सुअरों की जमीन खोदने और चीजों को सूंघकर तलाशने की प्राकृतिक आदत के कारण उन्हें घर को भी सुरक्षित बनाना पड़ा.

हालांकि, उन्हें डेजी की देखभाल उम्मीद से कहीं ज्यादा आसान लगी. वह बताती हैं कि डेजी केवल अपने टॉयलेट बॉक्स का इस्तेमाल करती है. उनके मुताबिक, आम धारणा के विपरीत सुअर काफी साफ-सुथरे जानवर होते हैं.

महीने का खर्च सिर्फ 50 डॉलर

थॉम्पसन के अनुसार, शुरुआती सर्दियों के महीनों में डेजी की देखभाल पर करीब 50 डॉलर यानी लगभग 4,500 रुपये महीने का खर्च आया. आगे जब उसके लिए बाहर अलग बाड़ा तैयार हो जाएगा, तब यह खर्च घटकर करीब 20 डॉलर यानी 1,800 रुपये रह सकता है.

डेजी को दिन में दो बार अनाज से बने पेलेट्स खिलाए जाते हैं. इसके अलावा उसे सलाद के पत्ते और चीयरियोस नाम का सीरियल पसंद है. थॉम्पसन का कहना है कि सुअर बचा हुआ खाना भी खा लेते हैं, जिससे घर में खाने की बर्बादी कम हुई है.

नए पार्टनर के साथ बनाएंगी मिनी फार्म

तलाक के बाद थॉम्पसन की जिंदगी में एक नया साथी भी आया है, जिसने उनके इस सपने को पूरा करने में पूरा साथ दिया. वह हर सप्ताहांत डेजी को अपने बड़े ग्रामीण फार्म पर ले जाने में मदद करता है, जहां उसे खुलकर घूमने और जमीन खोदने का मौका मिलता है.

दोनों अब साथ रहने और डेजी के लिए एक बड़ा बाड़ा बनाने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने डेजी के लिए ड्यूड नाम का एक दूसरा सुअर भी लाया है. इस गर्मी में उनका इरादा मुर्गियां और संभवतः एक गधा पालने का भी है. थॉम्पसन कहती हैं, 'यह एक नए साथी के साथ खूबसूरत सफर है. यह मेरा सपना है और आखिरकार मैं इसे जी रही हूं.'