menu-icon
India Daily

आखिर किसने पहली बार लिखा था OK? इसकी असली कहानी जानकर हो जाएंगे हैरान

OK शब्द माना जाता है कि संपादक चार्ल्स गॉर्डन ग्रीन ने पहली बार इसका प्रयोग किया. इसका पहला लिखित इस्तेमाल 23 मार्च 1839 को अमेरिका के बोस्टन मॉर्निंग पोस्ट में हुआ था. चलिए जानते हैं क्या है इसके पीछे की कहानी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
आखिर किसने पहली बार लिखा था OK? इसकी असली कहानी जानकर हो जाएंगे हैरान
Courtesy: Pinterest (Representative image)

नई दिल्ली: आज दुनिया में सबसे ज्यादा बोले और लिखे जाने वाले शब्दों में 'OK' सबसे खास माना जाता है. किसी बात पर सहमति जतानी हो, यह बताना हो कि सब ठीक है या किसी संदेश का जवाब देना हो, लोग सबसे पहले 'OK' का ही इस्तेमाल करते हैं. यह शब्द लगभग हर भाषा और हर देश में समझा जाता है. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि इस छोटे से शब्द की शुरुआत आखिर कैसे हुई थी और इसे पहली बार किसने लिखा था.

OK शब्द की उत्पत्ति का रहस्य 1960 के दशक में अमेरिकी भाषाविद और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एलन वॉकर रीड ने अपनी रिसर्च के जरिए सामने रखा. उनकी खोज के अनुसार OK शब्द का पहला लिखित इस्तेमाल 23 मार्च 1839 को अमेरिका के बोस्टन मॉर्निंग पोस्ट अखबार में हुआ था. उस समय यह किसी आधिकारिक शब्द के रूप में नहीं बल्कि एक मजाकिया प्रयोग के तौर पर लिखा गया था.

क्या है OK का मतलब?

दरअसल उस दौर में अमेरिका के पढ़े लिखे युवाओं के बीच शब्दों की गलत वर्तनी लिखकर उनका छोटा रूप बनाने का चलन काफी लोकप्रिय था. इसी परंपरा के तहत 'All Correct' की जानबूझकर गलत वर्तनी 'Oll Korrect' लिखी गई और उसका संक्षिप्त रूप 'OK' बनाया गया. यह प्रयोग एक व्यंग्यात्मक लेख में किया गया था और शुरुआत में इसे केवल हास्य के रूप में देखा गया.

भाषाविद एलन मेटकाफ के अनुसार, बोस्टन मॉर्निंग पोस्ट के संपादक चार्ल्स गॉर्डन ग्रीन ने संभवतः पहली बार इस शब्द का इस्तेमाल किया था. वे अक्सर दूसरे अखबारों पर व्यंग्य लिखते थे और माना जाता है कि उसी दौरान OK शब्द का जन्म हुआ. धीरे धीरे यह शब्द लोगों की बोलचाल का हिस्सा बनता चला गया.

कैसे मिली पहचान?

साल 1840 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव ने भी OK को नई पहचान दिलाई. तत्कालीन राष्ट्रपति मार्टिन वान ब्यूरन का उपनाम 'ओल्ड किंडरहुक' था. उनके समर्थकों ने 'OK Clubs' बनाकर चुनाव प्रचार शुरू किया. इस कारण OK शब्द पूरे अमेरिका में तेजी से लोकप्रिय हो गया. विरोधियों ने भी इस शब्द का अलग अर्थ निकालकर इसका इस्तेमाल किया, जिससे इसकी चर्चा और बढ़ गई.

1840 के चुनाव के बाद OK आम बोलचाल का हिस्सा बन चुका था. धीरे धीरे यह अखबारों, पत्रों और बाद में पूरी दुनिया की भाषाओं में फैल गया. आज मोबाइल मैसेज, ईमेल, सोशल मीडिया और रोजमर्रा की बातचीत में OK सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले शब्दों में शामिल है. जिस शब्द की शुरुआत एक छोटे से मजाक के रूप में हुई थी, वही आज वैश्विक संचार का सबसे लोकप्रिय और सर्वमान्य शब्द बन चुका है.