'किसी के बाप के दम पर नहीं...', आरक्षण से नौकरी पाने के आरोपों पर क्या बोले IAS अभिषेक सिंह
आईएएस अभिषेक सिंह पर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने आरक्षण और अपने पिता का सहारा लेकर नौकरी पाई है. अपने ऊपर लगे आरोपों का अभिषेक सिंह ने जवाब दिया है. बता दें कि अभिषेक अपनी नौकरी से इस्तीफा दे चुके हैं और फिलहाल बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. अभी तक वह कई गानों और वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं.
Viral News: पुणे की ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर पर फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र दिखाकर परीक्षा पास करने के आरोप लगने के बाद अब आईएएस अभिषेक सिंह पर भी आरोप लगे हैं कि उन्होंने आरक्षण का लाभ लेकर यूपीएससी की परीक्षा पास की है. अपने ऊपर लगे आरोपों का अभिषेक सिंह से सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट कर जवाब दिया है.
मुझे आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता
अभिषेक सिंह ने लिखा, 'वैसे तो मुझे किसी आलोचना से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता, पर ये मेरे जीवन काल में पहली बार है जब मैं अपने आलोचकों को जवाब दे रहा हूं। और वो इसलिए क्योंकि मेरे हज़ारों समर्थक मुझसे कह रहे हैं कि आप जवाब दें नहीं तो हमारा मनोबल टूट जाएगा।अतः ये मेरा नैतिक कर्तव्य है कि मैं सच्चाई सामने रखूं जिससे उनका भरोसा ना टूटे। तो ये जवाब मेरे समर्थकों को समर्पित है ना कि आलोचकों को।'
अपने पूरे खानदान में मैं इकलौता IAS
पिता IPS अधिकारी थे जिसका उन्हें (अभिषेक को) फायदा मिला. इस सवाल पर अभिषेक लिखते हैं, 'आपने ये कहा कि मेरे पिताजी IPS अधिकारी थे इसलिए मुझे फ़ायदा मिला। आपको बता दूँ, मेरे पिताजी एक बहुत ग़रीब परिवेश से निकलकर PPS अधिकारी बने, IPS में प्रमोट हुए थे। उनकी 3 सन्तानें हैं, यानी मेरी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई। उन्होंने भी UPSC की तैयारी करी पर सेलेक्शन नहीं हो सका, इसके अलावा मेरे 7 और कजिंस ने प्रयास किया, कई कर भी रहे हैं, अभी तक किसी का भी सेलेक्शन नहीं हो सका है। अपने पूरे खानदान में मैं इकलौता IAS में चयनित हुआ।'
अभिषेक ने आगे लिखा, 'भविष्य में मुझपर आक्षेप लगाने से पहले दो बार सोच लेना, मैं कोई छुई मुई नहीं हूँ जो डर के बैठ जाऊँगा। अपनी प्रतिभा, अपने आत्मविश्वास और अपने साहस के दम पर चलता हूँ, किसी के बाप के दम पर नहीं।'