इमरान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट से बिना शर्त माफी मांगी, कहा- अब कभी भी प्रदर्शन में नहीं जाऊंगा
अभिनेता इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट से बिना शर्त माफी मांगी है. उनके वकील ने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे.
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट से बिना शर्त माफी मांगी है. अमेरिकी नागरिक और OCI कार्ड धारक इमरान खान के वकील ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि अभिनेता भविष्य में किसी भी तरह के प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेंगे.
दरअसल, इमरान खान पिछले महीने मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SIR मुद्दे को लेकर हुए एक प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इसके बाद फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस यानी FRRO ने उन्हें देश छोड़ने का नोटिस जारी किया था. नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने को कहा गया था.
बॉम्बे हाईकोर्ट में हुई मामले की सुनवाई
सोमवार को मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में हुई. चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने इमरान खान की प्रदर्शन में भागीदारी पर नाराजगी जताई. कोर्ट ने कहा कि भारत में विरोध प्रदर्शन का मौलिक अधिकार भारतीय नागरिकों को प्राप्त है.
Also Read
सुनवाई के दौरान इमरान खान के वकील वेंकटेश धोंड ने अदालत के सामने बिना शर्त माफी पेश की. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इमरान खान भविष्य में किसी भी प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे.
अदालत ने क्या कहा?
अदालत ने यह भी कहा कि भारत की उदारता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि OCI कार्ड रखने वाले अमेरिकी नागरिक को तुरंत निर्वासित करने के बजाय पहले देश छोड़ने का नोटिस दिया गया. इमरान खान ने FRRO के नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है. अदालत ने उनकी याचिका पर अगली सुनवाई 7 दिसंबर को तय की है.
साथ ही कोर्ट ने अपने पहले के आदेश को भी आगे बढ़ा दिया है, जिसके तहत FRRO के नोटिस पर फिलहाल रोक लगी हुई है. इस मामले में अब अगली सुनवाई पर अदालत यह तय करेगी कि FRRO के नोटिस को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जानी है. फिलहाल इमरान खान को राहत मिली हुई है और उनके खिलाफ देश छोड़ने वाला नोटिस प्रभावी नहीं है.