सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त की हालत खराब, सड़क पर लड़खड़ाते दिखे विनोद कांबली

Vinod Kambli Video: एक समय में सचिन तेंदुलकर के साथ स्कूल क्रिकेट में 664 रनों की साझेदारी करने वाले विनय कांबली इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं. 52 साल के कांबली, जिन्होंने शेन वार्न के खिलाफ एक ओवर में 22 रन भी जड़े थे, अब चलने-फिरने तक में असमर्थ हैं.

IDL
India Daily Live

Vinod Kambli Video: विनोद कांबली, जिनका नाम सचिन तेंदुलकर के साथ एक स्कूल मैच में 664 रनों की साझेदारी के लिए इतिहास में दर्ज है, आजकल स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं. एक समय के धुरंधर बल्लेबाज, जिन्होंने शेन वार्न के खिलाफ 22 रनों का एक ओवर भी जड़ा था, अब चलने-फिरने तक में मुश्किल महसूस कर रहे हैं.

इंस्टा पर वायरल है कांबली की वीडियो

हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कांबली की बिगड़ती सेहत साफ देखी जा सकती है. इस वीडियो को मीडिया पर्सन नरेंद्र गुप्ता ने शेयर किया है. उन्होंने कांबली को 'पूर्व भारतीय क्रिकेटर' के रूप में संबोधित करते हुए उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिंता व्यक्त की है.

कांबली को एक समय भारतीय क्रिकेट का उभरता सितारा माना जाता था. उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत 2 फरवरी, 1993 को इंग्लैंड के खिलाफ एडन गार्डन में की थी और 17 टेस्ट मैचों में 54.20 की औसत से 1084 रन बनाए थे.

खराब हेल्थ से जूझ रहे हैं सचिन तेंदुलकर के दोस्त

नरेंद्र गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली खराब स्वास्थ्य से जूझ रहे हैं. विनोद कांबली, एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर, हाल के वर्षों में स्वास्थ्य समस्याओं और व्यक्तिगत समस्याओं से जूझ रहे हैं. उन्हें दिल की समस्याओं और अवसाद सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे और उन्हें जरूरी सहायता मिलेगी!"

जानें कैसा रहा है कांबली का करियर

टेस्ट मैचों के अलावा, कांबली ने 104 एकदिवसीय मैच खेले, जिसमें उन्होंने 32.59 की औसत से 2477 रन बनाए. उनका प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड भी शानदार रहा, उन्होंने 129 मैचों में 59.67 की औसत से 9965 रन बनाए.

गौरतलब है कि कांबली को साल 2013 में दिल का दौरा पड़ा था. इससे पहले उनकी दो ब्लॉकेड धमनियों की एंजियोप्लास्टी भी हुई थी. अब लगता है कि उन्हें एक बार फिर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.