नई दिल्ली: फिलीपींस से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अंडरवाटर फोटोशूट के दौरान अचानक एक विशालकाय व्हेल शार्क के सामने आ जाती है. यह घटना जितनी डरावनी लगती है, उतनी ही दिलचस्प भी साबित हुई है.
जानकारी के अनुसार महिला जिसका नाम मौरिन कैलागो बताया जा रहा है, समंदर के अंदर फोटोशूट करा रही थीं. वह कैमरे के सामने आराम से पोज दे रही थीं और पानी के अंदर के खूबसूरत नजारों का आनंद ले रही थीं. इसी दौरान अचानक एक बड़ी व्हेल शार्क चुपके से उनके पीछे आ गई.
A woman in the Philippines was left stunned when a giant whale shark quietly swam up behind her and nudged her arm during an underwater photo shoot. pic.twitter.com/RyjNg1tXH0
— wR (@WeReporter) April 20, 2026
व्हेल शार्क दुनिया की सबसे बड़ी मछली मानी जाती है, जो अपने विशाल आकार के कारण लोगों को डरा सकती है. हालांकि यह प्रजाति आमतौर पर शांत स्वभाव की होती है और इंसानों के लिए खतरनाक नहीं मानी जाती. वीडियो में देखा जा सकता है कि शार्क ने महिला की बांह को हल्का सा छुआ, जैसे वह सिर्फ पास से गुजर रही हो.
इस अचानक हुए संपर्क के बावजूद महिला ने घबराहट नहीं दिखाई. आमतौर पर ऐसी स्थिति में कोई भी व्यक्ति डरकर तेजी से भागने की कोशिश करता लेकिन मौरिन ने बेहद संयम और समझदारी दिखाई. उन्होंने बिना घबराए धीरे-धीरे पानी की सतह की ओर तैरना शुरू कर दिया, ताकि शार्क को कोई परेशानी न हो और स्थिति सुरक्षित बनी रहे.
यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया और जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ, लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई यूजर्स ने इसे रोमांचक बताया, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किए. किसी ने लिखा कि शार्क शायद फोटो में शामिल होना चाहती थी, तो किसी ने कहा कि यह समुद्र की ओर से एक याद दिलाने जैसा है कि इंसान वहां मेहमान हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि व्हेल शार्क आमतौर पर प्लैंकटन और छोटी मछलियां खाती हैं और इंसानों पर हमला नहीं करतीं. इसके बावजूद समुद्र में इस तरह के जीवों के साथ दूरी बनाए रखना जरूरी होता है.