पति ने अंग्रेजी वीडियो बनाने पर डांटा पर प्रियंका चोपड़ा का मिला साथ- इंस्टाग्राम पर यशोधा लोधी के हो गए 4 लाख फॉलोअर्स
उत्तर प्रदेश की यशोदा लोधी गांव में खेत पर काम करते हुए अंग्रेजी सिखाने के वीडियो बनाती हैं. पति की डांट के बावजूद उन्होंने वीडियो बनाया, जिसे प्रियंका चोपड़ा ने शेयर कर दिया. इसके बाद यशोदा लोधी की किस्मत चमक गई.
उत्तर प्रदेश की यशोदा लोधी गांव में रहकर अंग्रेजी सिखाने वाले वीडियो बनाती हैं. हाल ही में खेत में काम करते समय उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया. उनके पति ने वीडियो बनाने को लेकर उन्हें डांटा, लेकिन यशोदा ने वीडियो पूरा किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
प्रियंका चोपड़ा ने शेयर किया था वीडियो
यशोदा के लिए इसके बाद जो हुआ, वह बेहद खास था. अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने उनका वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर दिया. यशोदा ने बाद में वीडियो जारी कर प्रियंका का आभार जताया और कहा कि इस शेयर ने उनका दिन खास बना दिया.
चार लाख फॉलोअर्स का भी आंकड़ा पार
प्रियंका चोपड़ा द्वारा वीडियो शेयर करने बाद यशोदा लोधी के फॉलोअर्स की झड़ी लग गई और देखते ही देखते उनके 4 लाख फॉलोअर हो गए. उन्होंने बताया कि वह घर पर टीवी नहीं रखतीं और फिल्मी सितारों को ज्यादा फॉलो भी नहीं करतीं. इसलिए शुरुआत में उन्हें अंदाजा नहीं था कि कई मशहूर लोग उनके काम को पसंद कर रहे हैं.
मृणाल ठाकुर ने भी सराहा
यशोदा के वीडियो को अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया. यशोदा ने बताया कि उनके छात्रों ने जब उन्हें मशहूर लोगों की प्रतिक्रिया के बारे में बताया तो उन्हें बेहद खुशी हुई.
12वीं तक पढ़ाई, अब अंग्रेजी की टीचर
यशोदा लोधी ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है. वह ‘English with Dehati Madam’ नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अंग्रेजी सिखाती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर चार लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं.