menu-icon
India Daily

VIDEO: 'देहाती मैडम' की इंग्लिश ने मचाई धूम, प्रियंका चोपड़ा ने वीडियो शेयर कर की तारीफ

कौशांबी की यशोदा लोढ़ी ने खुद अंग्रेजी सीखकर सोशल मीडिया पर लोगों को आसान इंग्लिश सिखाना शुरू किया. उन्होंने 2023 में YouTube चैनल शुरू किया और 'इंग्लिश विद देहाती मैडम' के नाम से पहचान बनाई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
VIDEO: 'देहाती मैडम' की इंग्लिश ने मचाई धूम, प्रियंका चोपड़ा ने वीडियो शेयर कर की तारीफ
Courtesy: @IndiaDaily_24X7 X Account

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले की रहने वाली यशोदा लोढ़ी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं. इसकी वजह उनकी अंग्रेजी सिखाने की अनोखी शैली और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा का उनके वीडियो को शेयर करना है. गांव की सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाली यशोदा ने खुद अंग्रेजी सीखी और अब अपने अनुभव के जरिए दूसरे लोगों को आसान भाषा में इंग्लिश सिखाती हैं. सोशल मीडिया पर उन्हें 'इंग्लिश विद देहाती मैडम' के नाम से पहचान मिली है.

यशोदा कौशांबी के सिराथू इलाके के लोधन का पुरवा गांव से ताल्लुक रखती हैं. उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है. शुरुआत में अंग्रेजी बोलना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था. उन्हें यह भी पता नहीं था कि अंग्रेजी सीखने के लिए सही शुरुआत कैसे की जाए. इसके बाद उन्होंने किसी महंगे कोर्स या बड़े संस्थान का सहारा लेने के बजाय खुद अभ्यास करने का रास्ता चुना.

कैसे पैदा किया आत्मविश्वास?

यशोदा अंग्रेजी बोलने वाले लोगों के वीडियो सुनती थीं. वह उनमें बोले गए शब्दों और वाक्यों को बार-बार दोहराती थीं. लगातार सुनने की प्रैक्टिस करने के बाद उन्होंने खुद बोलने का अभ्यास शुरू किया. इसी मेहनत ने धीरे-धीरे उनके अंदर अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास पैदा किया.

YouTube को बनाया सीखने और सिखाने का माध्यम

अंग्रेजी में आत्मविश्वास आने के बाद यशोदा ने अपना अनुभव दूसरों के साथ साझा करने का फैसला किया. उन्होंने 26 दिसंबर 2023 को YouTube चैनल शुरू किया. उनके वीडियो का अंदाज पारंपरिक अंग्रेजी क्लास से काफी अलग है. वह कठिन ग्रामर नियमों की जगह रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाले शब्द, छोटे वाक्य और बातचीत के तरीके सिखाती हैं.

यशोदा के मुताबिक, शुरुआत में उनके पति को भी उनके YouTube काम से ज्यादा उम्मीद नहीं थी. उन्हें लगता था कि इस काम से कमाई करना मुश्किल होगा. इसके बावजूद यशोदा ने वीडियो बनाना जारी रखा. उनकी मेहनत रंग लाई और रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल शुरू होने के करीब एक महीने बाद ही मोनेटाइज हो गया. इसके बाद उन्हें अगले महीने पहली पेमेंट भी मिली.

प्रियंका चोपड़ा ने शेयर किया वीडियो

यशोदा की लोकप्रियता को सबसे बड़ा बढ़ावा तब मिला, जब प्रियंका चोपड़ा जोनस ने उनका एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया. यशोदा के लिए यह पल बेहद खास था, क्योंकि उन्होंने सोचा भी नहीं था कि इतनी बड़ी फिल्म स्टार उनके कंटेंट को अपने सोशल मीडिया पर जगह देंगी. प्रियंका के शेयर करने के बाद यशोदा का वीडियो बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा. इसी दौरान उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4 लाख फॉलोअर्स भी पूरे हो गए. यशोदा ने इस मौके को अपनी मेहनत की बड़ी पहचान के तौर पर देखा.

'देहाती मैडम' नाम को बनाया पहचान

यशोदा अपने गांव और अपनी पृष्ठभूमि को अपनी कमजोरी नहीं मानतीं. 'देहाती मैडम' नाम उनके लिए उनकी जड़ों से जुड़ी पहचान है. उन्होंने जिस भाषा को कभी खुद सीखने के लिए संघर्ष किया, उसी को आज दूसरों के लिए आसान बनाने का काम कर रही हैं.

यशोदा लोढ़ी की कहानी बताती है कि सीखने की इच्छा और लगातार मेहनत किसी भी इंसान को आगे बढ़ा सकती है. 12वीं तक पढ़ी एक ग्रामीण महिला ने खुद अंग्रेजी सीखने से शुरुआत की, कैमरे के सामने बोलना सीखा और धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना ली. आज उनके काम को प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े नाम का समर्थन मिलना इस सफर की एक खास उपलब्धि बन गया है.