menu-icon
India Daily

रात के अंधेरे में भक्त की तरह शिवलिंग पर सिर रगड़ रहा था खूंखार बाघ, सबकुछ कैमरे में कैद; देखिए वायरल वीडियो

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के शाहडार जंगल में एक बाघ का प्राचीन शिवलिंग पर सिर और जीभ रगड़ते हुए वीडियो वायरल हो गया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
रात के अंधेरे में भक्त की तरह शिवलिंग पर सिर रगड़ रहा था खूंखार बाघ, सबकुछ कैमरे में कैद; देखिए वायरल वीडियो
Courtesy: Grok and x

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक ऐसा वायरल वीडियो सामने आया है, जो देखते ही लोगों के होश उड़ा रहा है. रात के गहन अंधेरे में एक खूंखार बाघ प्राचीन शिवलिंग के पास पहुंचता है, शांत भाव से अपना सिर और जीभ उस पर रगड़ता रहता है, जैसे कोई भक्त महादेव की आराधना कर रहा हो. वीडियो में बाघ की धारीदार त्वचा, शिवलिंग पर लिपटी नाग की मूर्ति और घंटी की झलक साफ दिखती है-यह दृश्य आस्था और प्रकृति के अनोखे मेल का जीता-जागता सबूत बन गया है.

घटना बुधवार की देर शाम

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत शाहडार गांव के निकट घने जंगल में यह घटना बुधवार की देर शाम घटी. एक स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल से यह विडियो कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, जबकि वन विभाग इसे जंगली जानवरों का सामान्य व्यवहार बता रहा है. इस अनोखे नजारे ने आस्था और विज्ञान के बीच बहस छेड़ दी है.

वायरल वीडियो में क्या है?

यह वायरल वीडियो रात के गहरे अंधेरे में कैद किया गया एक बेहद अनोखा और रोमांचक दृश्य है. घने शाहडार जंगल में एक प्राचीन शिवलिंग के सामने एक शक्तिशाली बाघ धीरे-धीरे पहुंचता है. उसकी चमकदार धारीदार खाल टॉर्च की रोशनी में साफ झलकती है. बाघ शिवलिंग के ठीक पास आकर अपना बड़ा सिर और जीभ उस पर शांत भाव से रगड़ता रहता है—कई सेकंड तक यह क्रिया जारी रहती है, जैसे वह किसी सतह को महसूस कर रहा हो या अपनी खुजली मिटा रहा हो. वीडियो में कोई आवाज नहीं, बस जंगल की खामोशी और बाघ की सांसों की हल्की आवाज महसूस होती है, जो देखने वालों को एक साथ हैरान और मंत्रमुग्ध कर देता है.

स्थानीय लोगों में खलबली

शाहडार गांव से महज 400 मीटर दूर यह शिवलिंग स्थित है, जो प्राचीन माना जाता है. वीडियो देखकर ग्रामीण हैरान हैं. कुछ इसे भगवान शिव की कृपा बता रहे हैं, तो कुछ में डर भी है कि जंगल के राजा इतने करीब आ गया. सोशल मीडिया पर इसे 'शिव भक्त बाघ' कहकर शेयर किया जा रहा है, जिससे वीडियो और तेजी से वायरल हो रहा है.