इस देश में पेड़ से गिरा हुआ फल उठाने पर लगता है 3.75 लाख का जुर्माना या हो सकती है जेल; जानें नियम
सिंगापुर में सार्वजनिक जगह पर पेड़ से गिरा फल उठाना भारी जुर्माना और जेल की वजह बन सकता है. चलिए जानते हैं क्या है वहां के नियम और कितना लगता है जुर्माना.
नई दिल्ली: भारत में अगर सड़क किनारे लगे किसी पेड़ से कोई आम गिर जाता है, तो कुछ लोग उसे उठाना अपना हक समझते हैं लेकिन सिंगापुर में एक भारतीय महिला ने एक ऐसी चेतावनी दी है जो इतनी चौंकाने वाली है कि आप पूरी तरह से हैरान रह जाएंगे. वहां जमीन पर गिरे हुए एक भी आम को उठाने पर आपको लगभग ₹3.75 लाख रूपये की भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
सिंगापुर में रहने वाली प्रियंका सिन्हा नाम की एक महिला की सोशल मीडिया पोस्ट आजकल खूब वायरल हो रही है. प्रियंका ने बताया कि सिंगापुर के कानून और नियम इतने सख्त हैं कि सार्वजनिक पेड़ों से सीधे फल तोड़ना तो दूर की बात है, जमीन पर गिरे हुए फल को उठाना भी एक आपराधिक जुर्म माना जाता है. अगर आप गलती से किसी सरकारी पेड़ से कोई आम उठा लेते हैं, तो आपको 5,000 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना भरना पड़ सकता है जो ₹3.5 लाख से भी ज्यादा के बराबर है.
क्या है वहां का रूल?
वहां की सरकार का कहना है कि सार्वजनिक जमीन पर लगाए गए पेड़, और उन पर लगने वाले फल, राष्ट्रीय संपत्ति माने जाते हैं. अगर आप ऐसे फल पाना चाहते हैं, तो आपको नेशनल पार्क्स बोर्ड यानी NParks से औपचारिक रूप से अनुमति लेनी होगी. नियम इतने सख्त हैं कि अगर आप किसी नेशनल पार्क या किसी खास संरक्षित इलाके में ऐसा करते हुए पकड़े जाते हैं, तो जुर्माना बढ़कर 50,000 डॉलर तक पहुंच सकता है और आपको छह महीने तक की जेल भी हो सकती है.
सोशल मीडिया पर लोग इस खबर पर हैरानी और मजाक भरे अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं और कई लोग कह रहे हैं, भाई, हमारा भारत सच में सबसे अच्छा है!
पालतू जानवरों के लिए क्या है नियम?
यहां पर अगर आपका पालतू जानवर भी कोई फल उठा लेता है, तो उस काम की कानूनी जिम्मेदारी पूरी तरह से मालिक की होगी. सिंगापुर अपनी साफ-सफाई और अनुशासन के लिए दुनिया भर में मशहूर है. इन्हीं सख्त नियमों की वजह से यह देश दुनिया के सबसे सुरक्षित और साफ-सुथरे देशों में गिना जाता है.