IPL 2026

टॉयलेट में बर्तन धोता मिला IRCTC स्टाफ, वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप; कर्मचारियों पर गिरी गाज

दुरंतो एक्सप्रेस में एक पेंट्री कर्मचारी का टॉयलेट में बर्तन धोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

@maslahuddin182 x account
Km Jaya

नई दिल्ली: रेलवे में साफ-सफाई के मानकों पर सवाल उठाने वाले वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. ऐसा ही एक और वीडियो अभी ऑनलाइन घूम रहा है, जो IRCTC कर्मचारियों की लापरवाही को उजागर करता है. खास तौर पर वायरल वीडियो में एक IRCTC कर्मचारी को ट्रेन के टॉयलेट कंपार्टमेंट के अंदर बर्तन धोते हुए दिखाया गया है. 

टॉयलेट में बर्तन धोए जाने का यह वीडियो सामने आने के बाद, रेलवे के साफ-सफाई के नियमों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद FSSAI ने अब IRCTC को नोटिस जारी किया है.

वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?

यह वीडियो ट्रेन नंबर 12223 (LTT ERS Duronto) का है. फुटेज में एक यात्री को IRCTC के कर्मचारी को टॉयलेट के अंदर बर्तन धोते हुए रंगे हाथों पकड़ते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद यात्री कर्मचारी से कई सवाल पूछता है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कर्मचारी टॉयलेट के अंदर बर्तन रखकर, वहीं मौजूद पानी से उन्हें धो रहा है. इस वायरल वीडियो के जवाब में अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

रिपोर्ट्स में क्या आया सामने?

रिपोर्ट्स के अनुसार FSSAI ने IRCTC को नोटिस जारी किया है. यह घटना 'खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम, 2011' की अनुसूची 4 के तहत निर्धारित साफ-सफाई और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है. 

इन नियमों के अनुसार खाद्य व्यापार संचालकों के लिए यह अनिवार्य है कि वे खाना पकाने, संभालने, बर्तन धोने और सफाई सहित सभी प्रक्रियाओं को इस तरह से करें कि भोजन या भोजन के संपर्क में आने वाली सतहों पर किसी भी तरह का संक्रमण या गंदगी न फैले.

FSSAI ने क्या लिया एक्शन?

FSSAI ने सोशल मीडिया पर घूम रहे एक वीडियो का संज्ञान लिया है, जिसमें कथित तौर पर ट्रेन नंबर 12223 में कैटरिंग सेवाओं के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को ट्रेन के टॉयलेट कंपार्टमेंट के अंदर धोते हुए दिखाया गया है. यह काम ट्रेन में कैटरिंग सेवा देने वाले कर्मचारी/ठेके पर रखे गए लोग कर रहे थे. 

IRCTC ने की ओर से क्या कहा गया?

IRCTC ने आगे कहा है कि 24 मई 2026 को हुई घटना के संबंध में तत्काल कार्रवाई की गई थी. सेवा प्रदाता पर जुर्माना लगाया गया और संबंधित कर्मचारियों को ड्यूटी से हटा दिया गया. यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है. IRCTC स्वच्छता के कड़े प्रोटोकॉल का पालन करता है और किसी भी प्रकार के उल्लंघन के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करता है.