menu-icon
India Daily

VIDEO: चलती एंबुलेंस का दरवाजा खुला और स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिरा मरीज, 90 सेकंड बाद लौटा ड्राइवर

पुणे में एक बेघर मरीज चलती एंबुलेंस से स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिर गया. बताया गया कि एंबुलेंस का पिछला दरवाजा ठीक से बंद नहीं था और स्ट्रेचर भी लॉक नहीं किया गया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
VIDEO: चलती एंबुलेंस का दरवाजा खुला और स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिरा मरीज, 90 सेकंड बाद लौटा ड्राइवर
Courtesy: @IndiaDaily_24X7 X Account

महाराष्ट्र के पुणे में एंबुलेंस स्टाफ की कथित लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रविवार रात एक बेघर मरीज चलती एंबुलेंस से स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिर गया. बताया जा रहा है कि एंबुलेंस का पिछला दरवाजा ठीक से बंद नहीं था और स्ट्रेचर के पहियों को भी लॉक नहीं किया गया था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक मरीज को संक्रमण के इलाज के लिए पिंपरी स्थित पीसीएमसी के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे पुणे के ससून जनरल अस्पताल रेफर किया गया था.

कैसे गिरा मरीज?

नियमों के अनुसार मरीज के साथ कोई रिश्तेदार या देखभाल करने वाला व्यक्ति नहीं था. इसलिए एंबुलेंस में एक पुलिस अधिकारी को तैनात किया गया था. जैसे ही एंबुलेंस YCM अस्पताल के मुख्य गेट से बाहर निकली, उसका पिछला दरवाजा अचानक खुल गया. इसके बाद मरीज स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिर गया.

करीब 90 सेकंड बाद वापस आई एंबुलेंस

हादसे के बाद सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि एंबुलेंस तुरंत नहीं रुकी. करीब 90 सेकंड बाद एंबुलेंस दोबारा घटनास्थल पर पहुंची. इस दौरान आसपास मौजूद राहगीरों ने मरीज और स्ट्रेचर को सड़क से हटाकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया.

वायरल वीडियो में कुछ लोग मरीज की मदद करते दिखाई दे रहे हैं. जब एंबुलेंस वापस पहुंची तो ड्राइवर और वार्ड बॉय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए. वहीं एंबुलेंस में मौजूद पुलिसकर्मी को यह कहते सुना गया कि पीछे का दरवाजा ठीक से बंद नहीं था.

जांच में सामने आईं सुरक्षा व्यवस्था की खामियां

घटना की शुरुआती जांच में एंबुलेंस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, स्ट्रेचर के पहियों को ठीक से लॉक नहीं किया गया था. इसके अलावा जिस कर्मचारी को मरीज के साथ बैठना था, वह यात्री सीट पर बैठा हुआ था. बताया गया कि ड्राइवर को यह भी पता नहीं चला कि मरीज एंबुलेंस से गिर चुका है. इन लापरवाहियों के कारण अस्पताल की एंबुलेंस सेवा के सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े हो गए हैं.

अस्पताल प्रशासन ने जारी किया नोटिस

वीडियो सामने आने और लोगों की नाराजगी के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. अस्पताल के डीन डॉ. राजेंद्र वाबले ने बताया कि ड्राइवर और एक स्टाफ सदस्य को नोटिस जारी किया गया है.

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने गुस्सा जाहिर किया. कई यूजर्स ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. एक यूजर ने कहा कि मरीज की किस्मत अच्छी थी कि एंबुलेंस के पीछे उस समय कोई वाहन नहीं था.