menu-icon
India Daily

ट्रेन में खिड़की के पास फोन चलाना बच्ची को पड़ा भारी, पलभर में मोबाइल छीनकर भाग गया चोर; देखें वायरल वीडियो

ट्रेन में खिडकी के पास बैठकर मोबाइल चला रही बच्ची से एक व्यक्ति के फोन छीनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर लोगों ने अलग अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
ट्रेन में खिड़की के पास फोन चलाना बच्ची को पड़ा भारी, पलभर में मोबाइल छीनकर भाग गया चोर; देखें वायरल वीडियो
Courtesy: @Zeeshanwariss X Account

नई दिल्ली: ट्रेन में सफर के दौरान खिडकी के पास बैठकर मोबाइल चलाना एक बच्ची को भारी पड गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिखाई दे रहा है कि खिडकी के पास बैठी बच्ची से एक व्यक्ति झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेता है और मौके से फरार हो जाता है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग ट्रेन में सफर करते समय बच्चों को मोबाइल देने को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं.

वायरल वीडियो को एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है. पोस्ट के साथ लोगों को चेतावनी दी गई कि ट्रेन में बच्चों को मोबाइल देते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. दावा है कि वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और इसे अलग अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है.

खिडकी के पास बैठी थीं दो बच्चियां

वीडियो में दो छोटी बच्चियां ट्रेन की खिडकी के पास बैठकर मोबाइल चला रही दिखाई देती हैं. इसी दौरान एक व्यक्ति खिडकी के बाहर से बच्ची के हाथ में मौजूद मोबाइल को पकड लेता है और उसे खींचने लगता है. बच्ची मोबाइल बचाने की पूरी कोशिश करती है और दोनों के बीच कुछ देर तक खींचतान होती है.

आखिरकार व्यक्ति बच्ची के हाथ से मोबाइल छीनने में कामयाब हो जाता है और वहां से भाग जाता है. मोबाइल चले जाने के बाद बच्ची रोने लगती है, जबकि पास बैठी दूसरी बच्ची भी इस घटना से हैरान नजर आती है.

वीडियो बनाने वाले पर भी उठे सवाल

इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किए जाने को लेकर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए हैं. कुछ लोगों का कहना है कि बच्ची के मदद के लिए चिल्लाने के बावजूद वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उसे बचाने के बजाय घटना को रिकॉर्ड करता रहा. कई यूजर्स ने इसे लेकर नाराजगी जताई और कहा कि ऐसे समय में मदद करना ज्यादा जरूरी था.

लोगों ने वीडियो को बताया स्क्रिप्टेड

वीडियो देखने के बाद कुछ यूजर्स ने इसकी सत्यता पर भी सवाल उठाए. लोगों का कहना है कि वीडियो बनाने वाले को पहले से कैसे पता था कि मोबाइल छीना जाएगा. बच्ची के चिल्लाने के बावजूद किसी यात्री के मदद के लिए आगे नहीं आने को लेकर भी सवाल उठे हैं.

हालांकि कुछ लोगों ने कहा कि वीडियो वास्तविक हो या स्क्रिप्टेड, ट्रेन में खिडकी के पास मोबाइल इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना जरूरी है. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि बच्चे खिडकी के पास बैठकर मोबाइल चलाएं तो उनकी निगरानी रखें और कीमती सामान खिडकी से दूर रखें.