menu-icon
India Daily

5 मिनट नहाना पड़ा इतना महंगा! भारतीय महिला को देना पड़ा 1.30 लाख का चार्ज

वामिका ने बताया कि ठंड के मौसम में वह अपने अपार्टमेंट में नहाने गई थीं. उन्होंने करीब पांच मिनट तक गर्म पानी से शॉवर लिया. ठंड लगने की वजह से उन्होंने बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन चालू नहीं किया था. नहाने के कुछ देर बाद अचानक पूरी बिल्डिंग का फायर अलार्म बजने लगा.

antima
Edited By: Antima Pal
5 मिनट नहाना पड़ा इतना महंगा! भारतीय महिला को देना पड़ा 1.30 लाख का चार्ज
Courtesy: Pinterest

ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली एक भारतीय महिला के साथ एक हैरान करने वाली घटना हुई है. महिला का नाम वामिका है. उन्होंने अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद लोग इस पर चर्चा करने लगे.

5 मिनट नहाना पड़ा इतना महंगा! 

वामिका ने बताया कि ठंड के मौसम में वह अपने अपार्टमेंट में नहाने गई थीं. उन्होंने करीब पांच मिनट तक गर्म पानी से शॉवर लिया. ठंड लगने की वजह से उन्होंने बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन चालू नहीं किया था. नहाने के कुछ देर बाद अचानक पूरी बिल्डिंग का फायर अलार्म बजने लगा.

महिला को देना पड़ा 1.30 लाख का चार्ज

पहले वामिका को लगा कि शायद फायर ड्रिल चल रही है. लेकिन जल्द ही बिल्डिंग मैनेजर उनके फ्लैट में पहुंच गए. जांच में पता चला कि बाथरूम से निकली भाप की वजह से फायर अलार्म सक्रिय हो गया था. गर्म पानी की भाप कमरे में जमा हो गई थी और फैन बंद होने से बाहर नहीं निकल पाई. इस भाप ने फायर डिटेक्टर को ट्रिगर कर दिया.

वामिका हैरान थीं कि बाथरूम के इतने करीब फायर डिटेक्टर क्यों लगाया गया. उन्होंने कोई आग नहीं जलाई थी. फिर भी पूरे बिल्डिंग का अलार्म बज गया. अलार्म बजने के बाद फायर सर्विस भी बुलाई गई.

महिला के मुताबिक इस पूरे मामले में उन पर करीब 1800 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का चार्ज लगाया गया. भारतीय रुपये में यह लगभग 1.30 लाख रुपये बैठता है. कुछ रिपोर्टों में यह रकम 1900 डॉलर के आसपास बताई गई है. सिर्फ पांच मिनट के शॉवर के बाद इतनी बड़ी रकम लगने से वामिका को बहुत आश्चर्य हुआ. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर अपना अनुभव बताया. उन्होंने नाराजगी जताई कि बिना किसी आग के इतना बड़ा जुर्माना क्यों लगाया गया. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.