बोतल बैन के बाद लोगों ने निकाला नया जुगाड़, पेट्रोल पंप पर बाइक के साथ डबल टंकी लेकर पहुंचे लोग; देखें वीडियो

पेट्रोल पंप पर बोतल में तेल भरने पर रोक के बाद लोग बाइक की एक्स्ट्रा टंकी लेकर पहुंचने लगे हैं. यूपी से ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जैसे ही वीडिया वायरल हुआ है इसने पूरे इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है.

Instagram
Babli Rautela

देश में ईंधन की कमी को लेकर अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ती जा रही है. सरकार लगातार लोगों को भरोसा दिला रही है कि देश में पेट्रोल डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन जमीन पर तस्वीर कुछ अलग ही नजर आ रही है. गोरखपुर और अंबेडकरनगर से सामने आए वीडियो में लोग बाइक के साथ एक्सट्रा टंकी लेकर पेट्रोल भरवाते दिख रहे हैं.

पेट्रोल पंप पर बोतल में तेल देने पर रोक के बाद लोगों ने नया तरीका ढूंढ लिया है. अब कई लोग बाइक के साथ एक एक्सट्रा टंकी लेकर पहुंच रहे हैं. अंबेडकरनगर में एक शख्स अपनी बाइक की टंकी अलग से लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचा. वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे मजाक में खुराफाती तक कह दिया, लेकिन बाद में उसे पेट्रोल भरने दिया गया. गोरखपुर में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति बाइक के साथ दूसरी टंकी लेकर पहुंचा और कहा कि जरूरत के लिए पहले से इंतजाम कर रहा है.

सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन

इन वीडियोज के वायरल होते ही इंटरनेट यूजर्स ने जमकर अपना रिएक्शन साझा किया है. कुछ लोगों ने इसे समझदारी बताया तो कुछ ने इसे ओवरस्मार्टनेस कहा. एक यूजर ने लिखा कि जरूरत है तो लोग खरीदेंगे. दूसरे ने मजाक में कहा कि डबल इंजन में डबल टंकी. कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि दिमाग तो है लेकिन इस्तेमाल गलत जगह हो रहा है.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले पंजाब और राजस्थान से भी बड़े स्तर पर डीजल स्टोर करने के वीडियो सामने आ चुके हैं. कहीं 1000 लीटर की टंकी में डीजल भरा गया तो कहीं 5000 लीटर तक का स्टॉक जमा किया गया. इससे साफ है कि अफवाहें लोगों के व्यवहार पर तेजी से असर डालती हैं.

हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक तनाव की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी. हालांकि ईरान ने भारत समेत कई देशों के लिए इस रास्ते को खोलने की बात कही है, जिससे सप्लाई पर बड़ा असर पड़ने की आशंका कम हो गई है.