मुंबई का अटल सेतु बना सुसाइड प्वाइंट? कूदने की कोशिश कर रही थी महिला, कैब ड्राइवर ने बचाया

मुंबई की अटल सेतु से कूदकर जान देने जा रही एक महिला को कैब ड्राइवर और पुलिस ने बचा लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें आखिरी समय में कैब ड्राइवर महिला का बाल पकड़े दिख रहा है. इसी दौरान वहां मुंबई पुलिस की एक जीप भी पहुंचती है. फिर पुलिस के जवान मशक्कत के बाद अटल सेतु से लटक रही महिला को ऊपर खींच लेते हैं. महिला की उम्र 56 साल बताई जा रही है.

वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट.
India Daily Live

अटल सेतु से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रही 56 साल की एक महिला को वहां मौजूद कैब ड्राइवर और ट्रैफिक पुलिस ने बचा लिया. घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की है और घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में, कैब ड्राइवर को पुल से कूदने की कोशिश कर रही महिला को पकड़ते हुए देखा जा सकता है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मुलुंड की रहने वाली महिला ने 31 साल के कैब ड्राइवर संजय यादव को धार्मिक तस्वीरें समुद्र में विसर्जित करने के बहाने पुल पर कार रोकने के लिए कहा था. इसके बाद महिला अचानक पुल पर चढ़ जाती है और आत्महत्या की कोशिश करने लगती है. महिला को संजय यादव रोकने की कोशिश करता है. आखिर में जब महिला पुल से कूदती है, तब संजय महिला का बाल पकड़ लेता है, तभी पुलिस वहां आ जाती है.

न्हावा शेवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अंजुम बागवान ने कहा कि उसके परिवार ने दावा किया है कि महिला मानसिक रूप से परेशान है.

पहले भी अटल सेतु से कूदकर सुसाइड की घटनाएं आ चुकी हैं सामने

अटल सेतु से आत्महत्या की घटना पहले भी सामने आ चुकी है. 24 जुलाई को 38 साल के एक शख्स ने अटल सेतु से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. आत्महत्या करने वाले शख्स का नाम श्रीनिवास कुरुकुट्टी था.

डोंबिवली में रहने वाले श्रीनिवास ने अपनी नौकरी छोड़ दी और अपना खुद का कारोबार शुरू किया था. लेकिन कारोबार में घाटे की वजह से उसने सुसाइड का फैसला किया. 24 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे श्रीनिवास अटल सेतु पर आया और अपनी कार खड़ी कर सीधे समंदर में छलांग लगा दी.

इस घटना से कुछ दिन पहले एक और व्यक्ति ने वर्ली में सी-लिंक से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. पिछले कुछ महीनों में मुंबई शहर और इसके आसपास अत्यधिक फैसले लेकर आत्महत्या के मामले बढ़े हैं.

ऐसी ही एक घटना 10 जुलाई को भयंदर रेलवे स्टेशन पर घटी जिसने पूरी मुंबई को हिलाकर रख दिया. बाप-बेटी ने अचानक चलती लोकल के सामने आकर आत्महत्या कर ली थी. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था. जिसमें पिता-पुत्र प्लेटफार्म नंबर 6 से चलकर रेलवे ट्रैक पर अचानक सो गए. भायंदर रेलवे स्टेशन से निकल रही ट्रेन से कटकर दोनों की मौत हो गई थी.