दोस्त से किया था अजीब वादा, उसके मौत के बाद अंतिम संस्कार में लड़कियों की ड्रेस पहनकर पहुंचा शख्स; बना जिंदगी का सबसे भावुक पल
स्कॉटलैंड के बैरी डेलानी ने अपने दिवंगत दोस्त केविन इलियट के अंतिम संस्कार में लाइम ग्रीन ड्रेस और पिंक सॉक्स पहनकर पहुंचकर सालों पुराना वादा निभाया.
नई दिल्ली: किसी दोस्त को आखिरी विदाई देना जिंदगी के सबसे भावुक पलों में से एक होता है. लेकिन स्कॉटलैंड के बैरी डेलानी ने अपने जिगरी दोस्त के अंतिम संस्कार में कुछ ऐसा किया, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान भी किया और भावुक भी. बैरी अपने दोस्त के अंतिम संस्कार में चमकीली लाइम ग्रीन ड्रेस और पिंक सॉक्स पहनकर पहुंचे. पहली नजर में उनका पहनावा अजीब लग सकता था, लेकिन इसके पीछे दोस्ती का एक पुराना वादा छिपा था.
बैरी डेलानी और केविन इलियट बचपन से बेहद करीबी दोस्त थे. दोनों के बीच हंसी मजाक, एक दूसरे की टांग खींचना और मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहना उनकी दोस्ती का हिस्सा था. जब केविन ने सेना में भर्ती होकर ड्यूटी के लिए घर से दूर जाने की तैयारी की, तब दोनों दोस्तों ने एक मजेदार वादा किया था.
Also Read
दोनों ने क्या किया था वादा?
दोनों ने तय किया था कि अगर कभी उनमें से किसी की मौत हो जाती है, तो दूसरा दोस्त उसके अंतिम संस्कार में सबसे अजीब और सबसे ज्यादा चमकीले कपड़े पहनकर पहुंचेगा. उस समय यह बात महज मजाक लग रही थी. दोनों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन यही वादा उनकी दोस्ती की आखिरी याद बन जाएगा.
कैसे हुई केविन की मौत?
सेना में भर्ती होने के बाद केविन देश की सेवा के लिए ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान उनकी मौत हो गई. दोस्त की मौत की खबर बैरी के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी. बचपन से साथ रहे दोस्त को खोने का दर्द बेहद गहरा था. इसके बावजूद बैरी ने अपना पुराना वादा निभाने का फैसला किया.
अंतिम संस्कार के दिन बैरी चमकीली लाइम ग्रीन ड्रेस और पिंक सॉक्स पहनकर पहुंचे. वहां मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य हैरान करने वाला था लेकिन जब उन्हें इस पहनावे के पीछे की कहानी पता चली, तो यह अजीब ड्रेस दोस्ती और भावनाओं की निशानी बन गई.
कब्र के पास भी निभाया दोस्ती का अंदाज
अंतिम विदाई के दौरान बैरी अपने दोस्त की कब्र के पास पहुंचे. उन्होंने केविन को याद किया और भावुक हो गए. इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने दोस्त से पूछा कि क्या उसे उनकी ड्रेस पसंद आई. यह बात सुनने में हल्की लग सकती है, लेकिन उस पल में दोस्त को खोने का दर्द साफ महसूस किया जा सकता था.
जिस दोस्त के साथ बैरी जिंदगीभर हंसी मजाक करते रहे, उसी दोस्त के साथ यह उनका आखिरी मजाक था. फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार जवाब देने के लिए केविन उनके सामने नहीं थे.