सोशल मीडिया पर अक्सर दुनिया भर के कई वीडियो वायरल होते रहते हैं. इन दिनों न्यूयॉर्क शहर की व्यस्त सबवे लाइन का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें एक व्यक्ति को प्लेटफॉर्म पर बिल्कुल शांत खड़ा देखा जा सकता है. उस व्यक्ति के जैकेट ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति का जैकेट ट्रांसपेरेंट था, जिसमें कॉकरोच घूमता नजर आ रहा है. हालांकि व्यक्ति बिल्कुल ही नार्मल नजर आ रहा है. उसे कोई भी चिंता नहीं हो रही है. वहीं कॉकरोच जैकेट के अंदर ही हिलता नजर आ रहा है. उसके इस अनोखे स्टाइल को लोग सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर कर रहे हैं.
इस वीडियो के बारे में जब जांच की गई तब यह पता चला कि यह कोई अजीब संयोग या पागलपन नहीं, बल्कि एक जानबूझकर किया गया मार्केटिंग अभियान था. स्ट्रीटवियर ब्रांड ‘अनकॉमन एनवाई’ ने इस जैकेट को ‘Roachcoat’ नाम दिया है. ब्रांड अपने प्रयोगधर्मी और बोल्ड फैशन आइडियाज के लिए जाना जाता है, जहां फैशन को परफॉर्मेंस आर्ट और मार्केटिंग के साथ जोड़ा जाता है. इस जैकेट में इस्तेमाल किए गए कॉकरोच मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच प्रजाति के हैं. ये कीड़े आमतौर पर वैज्ञानिक प्रदर्शनों, फिल्मों और कभी-कभी पालतू जानवर के रूप में उपयोग किए जाते हैं क्योंकि ये इंसानों के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं.
A man was spotted at a New York City metro station wearing a jacket with multiple pockets containing live cockroaches. pic.twitter.com/YV6Rhz8GrG
— メ (@w5w99) April 11, 2026
इस अनोखे कॉन्सेप्ट के पीछे एक दिलचस्प कहानी भी है. हाल ही में NBA सीजन के दौरान न्यूयॉर्क निक्स टीम की तुलना ‘cockroaches’ से की गई थी. इसका मतलब था कि यह टीम कितनी भी मुश्किल स्थिति में हो, आसानी से हार नहीं मानती और हमेशा वापसी करती है. ब्रांड ने इसी भावना को पकड़ते हुए जैकेट को ‘New York Cockroaches’ थीम के साथ पेश किया. इससे न्यूयॉर्क की सड़क संस्कृति, स्पोर्ट्स भावना और बोल्ड फैशन को एक साथ जोड़ा गया. स्टंट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं तेजी से आईं. कुछ यूजर्स ने इसे बेहद क्रिएटिव और ध्यान खींचने वाला बताया. एक यूजर ने लिखा कि न्यूयॉर्क में फैशन का मतलब ही है ध्यान खींचना और इसने वो काम बखूबी किया.