Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

इस 'हसीना' ने अपने फॉलोवर्स को ही बना लिया गुलाम, कभी लियोनार्डो डिकैप्रियो से डेटिंग की थी अफवाह

Kat Torres Jailed: सोशल मीडिया पर एक मॉडल की खबरें चर्चा में हैं. खबर ये है कि मॉडल को जेल की सजा हुई है. आरोप था कि मॉडल ने अपने फॉलोवर्स को न सिर्फ देहव्यापार के गंदे काम में धकेला, बल्कि कुछ को कई महीनों तक गुलाम भी बनाकर रखा. आरोप साबित होने के बाद कोर्ट ने मॉडल को जेल भेज दिया है. मॉडलिंग से पहले आरोपी महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थी.

Social Media
India Daily Live

Kat Torres Jailed: ब्राजीलियाई मॉडल और वेलनेस इन्फ्लुएंसर कैट टोरेस को ह्यूमन ट्रैफिकिंग और महिलाओं की गुलामी के लिए आठ साल जेल की सजा सुनाई गई है. अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने जांच में पाया कि उसके साथ रहने वाली दो महिलाएं 2022 में लापता हो गई थीं. जिन महिलाओं का दावा है कि उन्हें टोरेस ने तस्करी करके गुलाम बनाया था, उन्होंने उसके साथ रहने के अपने दर्दनाक अनुभव के बारे में बताया है. बीबीसी से बात करते हुए, महिलाओं ने दावा किया कि वे उसकी गरीबी से अमीरी की कहानी से आकर्षित हुईं, क्योंकि वो ब्राजील के एक गरीब इलाके में रहने से लेकर हॉलीवुड एक्टर्स के साथ पार्टी करने तक पहुंच गई थी.

टोरेस के बारे में एक समय ये अफवाह थी कि वे एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो को डेट कर रही हैं. उन्होंने ये भी दावा किया कि वे अपनी आध्यात्मिक शक्तियों का उपयोग करके भविष्यवाणियां कर सकती हैं. एना नाम की महिला ने बीबीसी को बताया कि टोरेस कई मैगजीन की कवर पेज पर छपती थीं. उन्हें लियोनार्डो डिकैप्रियो जैसे मशहूर लोगों के साथ देखा गया था. मैंने जो कुछ भी देखा, वह मुझे भरोसे के लायक लगा. न्यूयॉर्क में एक घर में रहने वाली उनकी पूर्व फ्लैटमेट ने बीबीसी को बताया कि टोरेस ने एक वेबसाइट और मेंबरशीप सर्विस डेवलप की, जिसके जरिए कस्टमर्स को प्यार, पैसा और आत्मसम्मान पाने का भरोसा दिया गया.

टोरेस ने सम्मोहन, ध्यान और व्यायाम कार्यक्रमों समेत रिश्तों, स्वास्थ्य, व्यावसायिक सफलता पर सलाह देने वाले वीडियो भी बनाए. उन्होंने 150 डॉलर में एक-एक वीडियो परामर्श की पेशकश की, जो किसी भी परेशान शख्स की किसी भी समस्या का समाधान कर सकता था.

गुलाम बनाए गए फॉलोवर्स

2019 में एना न्यूयॉर्क चली गई और टोरेस के साथ रहने के दौरान असिस्टेंट के रूप में काम करने लगी. हिंसक बचपन और अपमानजनक रिश्ते से बचकर एना ब्राज़ील से अकेले अमेरिका आई थी और बोस्टन में यूनिवर्सिटी में स्टडी कर रही थी. जब वो टोरेस के असिस्टेंट के रूप में काम कर रही थी, तब उसे टोरेस के जानवरों की देखभाल करनी थी, उसके लिए खाना बनाना था, उसके कपड़े धोने थे और सफाई करनी थी, जिसके लिए उसे 2000 डॉलर प्रति माह मिलते थे.

एना के मुताबिक, कुछ दिनों बाद ही सब बदल गया. उसे केवल कुछ घंटों के लिए सोने की अनुमति दी जाती थी. परेशान एना कुछ घंटों के लिए सोने के लिए बिल्डिंग के जिम में छिप जाती थी. उसने बताया कि कुछ दिनों बाद उसे पेमेंट भी नहीं किया जाता था. आखिर में एना, टोरेस के घर से भाग गई. इसके बाद टोरेस ने डेसिरे और लेटिसिया नाम की दो महिलाओं को काम पर रखा, जो उसके साथ टेक्सास में एक घर में रहने लगीं. 

कुछ ही हफ़्तों में डेसिरे पर दबाव डाला गया कि वो एक स्थानीय स्ट्रिप क्लब में काम करे. आरोप है कि टोरेस डेसिरे पर जादू टोना करती थी. कुछ ही दिनों के बाद टोरेस ने डेसिरे और लेटिसिया को एक दूसरे से बातचीत करने से मना कर दिया. जल्द ही, टोरेस ने डेसिरे को देहव्यापार में जाने के लिए मना लिया. कहा जा रहा है कि अगर डेसिरे, टोरेस की ओर से दिए गए कमाई के टारगेट को पूरा नहीं करती थी, तो उसे उस रात घर लौटने की अनुमति नहीं थी. डेसिरे ने बीबीसी को बताया कि मुझे कई बार सड़क पर सोना पड़ा क्योंकि मैं टारगेट तक नहीं पहुंच पाती थी.

आखिर कैसे सामने आया मामला?

सितंबर में 2023, डेसिरे और लेटिसिया के दोस्तों और परिवार ने उन्हें खोजने के लिए सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया. मीडिया की नज़रों से बचने के लिए, टोरेस दोनों को लेकर टेक्सास से मेन पहुंच गईं. वहाँ से, दोनों को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के लिए मजबूर किया गया, जिसमें उन्होंने बंधक बनाए जाने से इनकार किया और अपील की कि कोई भी उनकी तलाश न करे. आरोप है कि 20 से ज़्यादा महिलाएं टोरेस की ओर से ठगे जाने या शोषण किए जाने की कहानियां लेकर सामने आई हैं. वे अभी भी अपने अनुभव से उबरने के लिए मनोचिकित्सा उपचार ले रही हैं.