IPL 2026 US Israel Iran War

कपिल शर्मा के ‘राजा’ अवतार के वीडियो ने सोशल मीडिया में मचाया गर्दा, जानें ऐसा क्या किया कि यूजर्स ने ला दी कमेंट की बाढ़

नेटफ्लिक्स के द ग्रेट इंडियन कपिल शो के नए सीजन में कपिल शर्मा का राजा वाला अवतार चर्चा में है. इशारों में उनके धर्म बेरोजगारी और महंगाई पर किए गए तंज ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

Netflix
Babli Rautela

मुंबई: कॉमेडी की दुनिया का बड़ा नाम कपिल शर्मा एक बार फिर अपने दर्शकों के सामने नए अवतार में लौट आए हैं. नेटफ्लिक्स के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो का नया सीजन शुरू होते ही सुर्खियों में आ गया है. इस सीजन में कपिल केवल होस्ट नहीं बल्कि अलग अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं. चौथे सीजन के पहले एपिसोड से ही उनके कुछ क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

वायरल हो रहे वीडियो में कपिल शर्मा राजा के किरदार में दिख रहे हैं. उनके साथ दो सिपाही भी मंच पर मौजूद हैं. इस किरदार के जरिए कपिल ने देश की मौजूदा स्थिति पर इशारों में तीखा तंज किया. उन्होंने नए देश की कल्पना करते हुए बेरोजगारी सड़कों और अस्पतालों जैसे मुद्दों को उठाया. कॉमेडी के अंदाज में कही गई बातें दर्शकों को हंसाने के साथ सोचने पर भी मजबूर कर रही हैं.

महंगाई और बेरोजगारी पर निशाना

कपिल के इस एक्ट में महंगाई और नौकरी जैसे मुद्दे खास तौर पर उभरकर सामने आए. उन्होंने दिखाया कि कैसे आम जनता की मांगों को हल्के में लिया जाता है. उनका यह व्यंग्य सीधे तौर पर किसी का नाम लिए बिना सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है. यही वजह है कि यह क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे साहसी कॉमेडी बता रहे हैं.


धर्म को लेकर कही गई बातें

राजा के किरदार में कपिल शर्मा ने धर्म के मुद्दे पर भी चुटकी ली. उन्होंने समाज में बंटवारे और आपसी लड़ाई को कॉमेडी के रूप में पेश किया. उनका इशारा इस ओर था कि किस तरह लोगों को अलग अलग मुद्दों में उलझाकर असली समस्याओं से ध्यान हटाया जाता है. इस हिस्से पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सबसे ज्यादा देखने को मिल रही हैं.

कपिल ने अपने एक्ट में शिक्षा व्यवस्था पर भी कटाक्ष किया है. उन्होंने अनपढ़ रहने के फायदे गिनाकर एक कड़वी सच्चाई को मजाक में पेश किया. यह हिस्सा खास तौर पर युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर कई लोग इसे आज के समय का आईना बता रहे हैं.

सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन

कपिल शर्मा के इन वीडियो पर इंटरनेट पर जबरदस्त रिएक्शन सामने आ रही हैं. कुछ लोगों ने कहा कि आज के समय में कॉमेडियन ही सच्चाई दिखा रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि इस तरह का ह्यूमर समाज के लिए जरूरी है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इस तरह की कॉमेडी से विवाद भी खड़े हो सकते हैं. बावजूद इसके कपिल के समर्थक उनकी खुलकर तारीफ कर रहे हैं.