भारत में शादियां हमेशा से ही भव्य और यादगार रही हैं लेकिन हाल ही में सामने आया एक वीडियो इस परंपरा को एक नए स्तर पर ले गया है. एक परिवार ने शादी के सफर के लिए पूरी ट्रेन का कोच बुक कर लिया और उसे चलते फिरते जश्न में बदल दिया. वीडियो में कोच के अंदर ऐसा माहौल नजर आता है मानो पूरी ट्रेन ही बारात बन गई हो.
कोच के बाहर नेमप्लेट पर माला पहनाई जाती है और मेहमानों के स्वागत के लिए पोस्टर लगाया जाता है. अंदर हर उम्र के लोग गानों की धुन पर झूमते हुए नजर आते हैं.
वीडियो का सबसे खास हिस्सा वह है जब होने वाली दुल्हन कोच के अंदर ही केक काटती नजर आती है. पूरा परिवार उसके आसपास खड़ा होकर खुशी जाहिर करता है. बच्चे बुजुर्ग और युवा सभी इस जश्न में शामिल होते हैं. कोच में रखे सामान से यह भी अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह सिर्फ यात्रा नहीं बल्कि शादी की रस्मों का भी हिस्सा था. मायरा और भात जैसी पारंपरिक रस्मों के लिए लाए गए तोहफे भी इसमें शामिल थे.
When a Marwari wedding party books a railway coach! #IndianRailways #marriage pic.twitter.com/Yf52D2cISk
— Ananth Rupanagudi (@Ananth_IRAS) April 4, 2026
वीडियो में एक दिलचस्प दृश्य यह भी है कि टिकट कलेक्टर अपनी ड्यूटी निभाते हुए इस माहौल में पहुंचता है. भीड़ और शोर के बावजूद वह मुस्कुराते हुए नजर आता है और इस जश्न का हिस्सा बन जाता है. यह दृश्य लोगों को काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
इस वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने इस अनोखे अंदाज की जमकर तारीफ की और इसे भारतीय संस्कृति की खूबसूरती बताया. उनके अनुसार यह परिवार की एकता और खुशी का शानदार उदाहरण है. कई यूजर्स ने अपने पुराने अनुभव भी साझा किए और बताया कि पहले भी लोग शादी के लिए ट्रेन कोच बुक करते रहे हैं.
जहां एक तरफ लोग इस जश्न को पसंद कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने इसे लेकर चिंता भी जताई है. उनका कहना है कि भले ही पूरा कोच बुक किया गया हो लेकिन ट्रेन एक सार्वजनिक जगह है और यहां शोर शराबा दूसरों को प्रभावित कर सकता है. कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जब आम यात्रियों को टिकट मिलना मुश्किल होता है तब इस तरह पूरी कोच बुक करना कितना उचित है.