Bigg Boss 20

हरी चटनी की जगह इमली की चटनी मिलने पर भड़के लोग, ब्रेड पकौड़े की दुकान पर जमकर मारपीट; बैट छलनी और पत्थरों से हमला

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में ब्रेड पकौड़े के साथ हरी चटनी की जगह इमली की चटनी मिलने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. बाजार में हुए इस झगड़े में क्रिकेट बैट, पत्थर, बेल्ट और लोहे की छलनी तक का इस्तेमाल किया गया.

X
Babli Rautela

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ब्रेड पकौड़े के साथ मिलने वाली चटनी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई. शहर के देहरा इलाके में दो गुटों के बीच जमकर हाथापाई हुई. इस दौरान क्रिकेट बैट, पत्थर, बेल्ट और लोहे की बड़ी छलनी तक से एक दूसरे पर हमला किए जाने की बात सामने आई है.

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर कई लोग एक दूसरे से भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस झगड़े में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.

हरी चटनी की जगह इमली की चटनी पर हुआ विवाद

मामला ब्रेड पकौड़े बेचने वाले एक दुकानदार से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग ब्रेड पकौड़ा खाने पहुंचे थे. उन्हें हरी चटनी की जगह इमली की चटनी दी गई. इसी बात को लेकर दुकानदार से विवाद शुरू हो गया. कुछ ही देर में विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई. दुकानदार के साथ कथित तौर पर मारपीट होते देख आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई बढ़ गई.


बैट, पत्थर और छलनी से हमला

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग एक दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. एक व्यक्ति को कुछ लोग खींचते और धक्का देते नजर आते हैं. इसी दौरान दूसरा व्यक्ति बीच में आता है और हाथ में मौजूद लोहे की छलनी से कथित हमलावर पर वार करता दिखाई देता है. वीडियो में एक अन्य व्यक्ति के हाथ में क्रिकेट बैट भी नजर आता है. कुछ लोग बैट को लेकर आपस में खींचतान करते दिखाई देते हैं. वहीं एक व्यक्ति पत्थर फेंकता नजर आता है. एक शख्स बेल्ट लेकर झगड़े में शामिल दिखाई देता है. मौके पर मौजूद एक महिला ने भी लोगों को रोकने और विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका.

चार लोग घायल

इस मारपीट में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक घायलों की मेडिकल जांच कराई जा रही है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है.

सर्किल ऑफिसर मुनीश चंद्र के मुताबिक, देहरा इलाके में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी. घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.