गुरुग्राम की पॉश सोसायटी में हाउस हेल्प से मारपीट, Viral Video के बाद महिला गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर 42 स्थित DLF द कैमेलियाज में घरेलू सहायिका से मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने 52 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया. बाद में उसे थाने से जमानत मिल गई.
गुरुग्राम की एक आलीशान आवासीय सोसायटी में घरेलू सहायिका के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्यवाही की. आरोप है कि काम से जुड़े विवाद के दौरान महिला ने घरेलू सहायिका के बाल खींचे, मोबाइल फोन से उसे मारा और गालियां भी बरसाई. यह घटना सेक्टर 42 स्थित DLF द कैमेलियाज में 24 जुलाई को हुई थी. पुलिस ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार किया.
वायरल वीडियो में दिखी मारपीट
करीब 90 सेकंड के वीडियो में एक महिला रसोई से बाहर निकलती दिखाई देती है. उसके पीछे दूसरी महिला आती है और उसके बाल पकड़कर उसे पीछे खींचती है. वीडियो में आरोपी महिला उस हाउसहेल्प को एक कोने में ले जाकर डांटती नजर आती है. इसके बाद मोबाइल फोन हाथ में लेकर उसके साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप है. रिकॉर्डिंग पड़ोसी द्वारा की गई बताई जा रही है.
काम को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाउस हेल्प और महिला के बीच काम से जुड़े किसी मुद्दे को लेकर बहस हुई थी. इसी दौरान मामला बढ़ गया और कथित तौर पर मारपीट हुई. वीडियो में घरेलू सहायिका के बाल खींचने और पीठ पर मारने जैसी घटनाएं दिखाई देती हैं. बताया गया है कि घरेलू सहायिका ने 27 जुलाई को नौकरी छोड़ दी थी.
Also Read
- जिम में गाड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद, किन्नर से मारपीट का वीडियो वायरल; दो आरोपी गिरफ्तार
- 'सीधा निकल यहां से...' हैदराबाद में रैपिडो ड्राइवर बनकर आया शख्स, महिला ने मांगी ID तो खुला मामला, Viral Video
- स्ट्रेस दूर करने के चक्कर में महिला ने की 258 करोड़ की ऑनलाइन शापिंग, फिर सामान लेने से पहले कर दिया कैंसिल; पहुंची जेल
मोबाइल छीनने और घर में रखने का दावा
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि महिला ने घरेलू सहायिका का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था. यह भी आरोप लगाया गया कि उसे घर में बंद करके रखा जाता था. हालांकि, इन दावों की पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस का मुख्य आधार वायरल वीडियो और उससे जुड़े घटनाक्रम की जानकारी है. मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर की गिरफ्तारी
सुशांत लोक थाने की पुलिस टीम ने वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले का स्वतः संज्ञान लिया. सोमवार को 52 वर्षीय रुचिरा सचदेवा को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी मारपीट के मामले में हुई. हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ समय बाद ही आरोपी महिला को पुलिस थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.