विदेशी बहू समझकर ChatGPT से बात करती रही नानी, मासूमियत ने जीता लोगों का दिल; वायरल हुआ वीडियो
एक वायरल वीडियो में नानी को बताया गया कि उनके नाती के लिए विदेशी बहू ढूंढी गई है जो हिंदी बोलती है. नानी ने ChatGPT की AI आवाज को होने वाली बहू समझकर खुशी-खुशी बातचीत की.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नानी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी मासूमियत और अपने नाती के लिए प्यार लोगों का दिल जीत रहा है. वीडियो में नानी को बताया जाता है कि उनके नाती आशू के लिए विदेशी बहू ढूंढी गई है और वह हिंदी भी बोलती है. नानी इस बात को सच मान लेती हैं और खुशी-खुशी ChatGPT से बातचीत करने लगती हैं.
यह वीडियो Abhiruchi नाम की यूजर ने बनाया है. वीडियो में वह अपनी नानी के सामने बैठकर उन्हें फोन देती हैं और कहती हैं कि आशू के लिए जो बहू ढूंढी गई है, वह विदेशी है लेकिन हिंदी जानती है. यह सुनते ही नानी के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगती है. वह उत्सुकता से फोन कान पर लगाकर सामने से आने वाली आवाज सुनती हैं.
Also Read
क्या-क्या हुई बात?
फोन पर AI की आवाज नानी से पूछती है कि क्या वह कुछ जानना चाहती हैं या नानी से बात करना चाहती हैं. इस पर नानी हंसते हुए अपना परिचय देती हैं. वह बताती हैं कि वह आशू की नानी और अभिषेक की दादी हैं. उनकी बातचीत के अंदाज से साफ नजर आता है कि वह सामने वाली आवाज को सच में अपने नाती की होने वाली विदेशी बहू समझ रही हैं.
AI ने नानी से क्या कहा?
इसके बाद AI की आवाज नानी से कहती है कि अगर किसी चीज की जरूरत हो तो वह बता सकती हैं. इस पर नानी बेहद सहज अंदाज में जवाब देती हैं कि जरूरत की कोई बात नहीं है, बस खुश रहना चाहिए. इसके साथ ही वह शादी को लेकर भी चिंता जाहिर करती हैं और पूछती हैं कि वह शादी नहीं कर रहा है क्या.
वीडियो में नानी की खुशी, उत्सुकता और अपनापन देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो रहे हैं. इस पूरे मजेदार और भावुक पल के तीन वीडियो बनाए गए हैं. पहला वीडियो अब तक करीब 1.4 मिलियन यानी 14 लाख बार देखा जा चुका है.
लोगों ने क्या दी प्रतिक्रिया?
वीडियो पर लोगों ने नानी की मासूमियत की जमकर तारीफ की है. एक यूजर ने लिखा कि यह आखिरी जेनरेशन की मासूमियत है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि इतनी भोली नानी के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए. एक अन्य यूजर ने भावुक होकर लिखा कि चेहरे पर भले ही झुर्रियां हैं, लेकिन इन्हीं लोगों ने हमारा बचपन खूबसूरत बनाया है.
यह वीडियो दिखाता है कि नई तकनीक और पुरानी पीढी की मासूमियत का मेल कितना भावुक और मनोरंजक हो सकता है. हालांकि, ऐसे मजाक करते समय बुजुर्गों की भावनाओं का भी ध्यान रखना जरूरी है.