बेंगलुरु: बेंगलुरु से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में एक ऑटो ड्राइवर स्कूटी चला रही लड़की के साथ-साथ अपना ऑटो चलाता दिखाई दे रहा है. पहली नजर में यह देखकर ऑटो में बैठी सवारियों को भी शक हुआ कि आखिर ड्राइवर लगातार लड़की की स्कूटी के बराबर में क्यों चल रहा है. हालांकि, कुछ देर बाद जब इसकी असली वजह सामने आई तो लोगों ने ड्राइवर की जमकर तारीफ शुरू कर दी.
दरअसल, यह पूरा मामला इंसानियत और मदद से जुड़ा हुआ है. वीडियो कॉर्पोरेट कर्मचारी चेतना सर्राफ ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने बताया कि वह बेंगलुरु में उबर ऑटो से सफर कर रही थीं. इस दौरान उन्होंने देखा कि ऑटो ड्राइवर एक लड़की की स्कूटी के साथ लगातार चल रहा था. शुरुआत में उन्हें भी समझ नहीं आया कि ड्राइवर ऐसा क्यों कर रहा है.
कुछ देर बाद सच्चाई सामने आई. दरअसल, लड़की की स्कूटी खराब हो गई थी. उसे आगे जाने में परेशानी हो रही थी. ऐसे में ऑटो ड्राइवर ने उसकी मदद करने का तरीका निकाला. उसने अपने पैर से स्कूटी को सहारा देकर आगे बढ़ाना शुरू कर दिया.
बताया गया कि ड्राइवर ने करीब 10 से 15 मिनट तक इसी तरह स्कूटी के साथ चलते हुए लड़की की मदद की. वह तब तक उसके साथ रहा, जब तक लड़की सुरक्षित तरीके से उचित स्थान तक नहीं पहुंच गई. ड्राइवर की इस छोटी सी कोशिश ने परेशान लड़की के लिए बड़ी मदद का काम किया.
वीडियो शेयर करते हुए चेतना सर्राफ ने उबर इंडिया से अपील की कि तनजीम नाम के इस ऑटो ड्राइवर की सराहना की जानी चाहिए और उसकी कमाई बढ़ाई जानी चाहिए. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी तनजीम की मदद और व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं.
एक यूजर ने लिखा कि तनजीम भाई की तारीफ तो बनती है. दूसरे यूजर ने कहा कि ऐसे सकारात्मक वीडियो भी सोशल मीडिया पर ज्यादा शेयर किए जाने चाहिए. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगा कि ड्राइवर लड़की को परेशान कर रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि वह उसकी मदद कर रहा था.