न नौकरी, न कारोबार... चुगली को बनाया पेशा, कमाई से खरीद लिए 2 घर!
कोलंबिया से ऐसी रोचक खबर सामने आ रही है जिसे सुनकर आपके भी होश उड़ जाएंगे. जरा सोचिए अगर ऐसा हो कि आपको किसी की चुगली के बदले इतने पैसे मिले जिससे आप अपना घर खरीद सकें.
दुनिया में कमाई के कई तरीके हैं, लेकिन कोलंबिया की मिरयम ने गॉसिप को ही अपना कथित पेशा बनाया. जरा सोचिए अगर आपको किसी की चुगली के बदले पैसे मिले तो कैसा हो. आम तौर पर जिन पड़ोसियों और रिश्तेदारों की चुगली को हम सिर्फ गॉसिप समझते हैं वो अगर आपकी रोजगार का जरिया बन जाए तो कैसा हो. जी हां ऐसा ही हुआ कोलंबिया की 67 वर्षीय मिरयम के साथ.
उनके अनुसार वह आसपास के लोगों की बातचीत पर नजर रखती हैं और अहम जानकारियां नोट करती हैं. जरूरत पड़ने पर वह इन बातों को पैसे लेकर दूसरों तक पहुंचाती हैं. सामान्य जानकारी के लिए उनकी फीस कुछ हजार पेसो से शुरू होती है, जबकि खास मामलों में रकम काफी बढ़ जाती है.
बातें सुनकर तैयार करती हैं अपना रिकॉर्ड
मिरयम के मुताबिक, लोगों की बातें जानने की उनकी आदत बचपन से रही है. अब वह घर के बाहर बैठकर आसपास की बातचीत सुनती हैं. उनके पास एक नोटबुक रहती है, जिसमें वह नाम, तारीख और दूसरी जानकारियां दर्ज करने का दावा करती हैं. कुछ मामलों में तस्वीरें रखने की बात भी उन्होंने कही है. उनका मानना है कि इससे जानकारी याद रखने और अपनी बात के समर्थन में विवरण रखने में मदद मिलती है.
Also Read
गॉसिप के बदले हजारों पेसो लेने का दावा
मिरयम के अनुसार, सामान्य गॉसिप बताने के लिए वह 5,000 से 10,000 कोलंबियाई पेसो तक लेती हैं. ज्यादा चर्चित जानकारी के लिए रकम बढ़ जाती है. उन्होंने एक मामले में 7 लाख पेसो मिलने का दावा किया, जब किसी व्यक्ति के कथित अफेयर की जानकारी रोकने के लिए उन्हें भुगतान किया गया था. उनका कहना है कि कई लोग खुद भी उनके पास आते हैं और निजी जानकारी आगे नहीं बताने का अनुरोध करते हैं.
कमाई से दो घर खरीदने का दावा
इस कहानी का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा मिरयम की कथित संपत्ति है. उनका दावा है कि गॉसिप से हुई कमाई ने उन्हें दो घर खरीदने में मदद की. एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी कमाई का हिस्सा दिखाने की बात भी सामने आई. वह कहती हैं कि दूसरे घर में दोस्तों के साथ मुलाकात के दौरान भी उन्हें आसपास की नई बातें पता चलती रहती हैं. हालांकि, हम इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं.
‘गॉसिप क्वीन’ के दावे पर उठे सवाल
मिरयम खुद को ‘गॉसिप क्वीन’ बताती हैं और मानती हैं कि लोगों के बीच बातचीत हमेशा चलती रहेगी. उनकी कहानी सामने आने के बाद कुछ लोगों ने इसे अनोखा कमाई का तरीका माना, जबकि कई लोगों ने निजी जिंदगी में दखल पर सवाल उठाए. खासकर रिश्तों और परिवार से जुड़ी जानकारी पैसे लेकर साझा करने को लेकर बहस छिड़ी है. पूरी कहानी मिरयम के कथित वायरल इंटरव्यू और रिपोर्टों में किए गए दावों पर आधारित है.