menu-icon
India Daily

मात्र 2,800 में खरीदी पुरानी पेंटिंग ने रातों-रात बना दिया करोड़पति, नीलामी में 13 करोड़ में बिकी

कबाड़ के बीच मात्र 30 डॉलर (करीब 2,800 रुपए) में खरीदी गई 70 साल पुरानी पेंटिंग नीलामी में 13 करोड़ रुपये (1.35 मिलियन डॉलर) में बिककर एक नया विश्व रिकॉर्ड बन गई.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मात्र 2,800 में खरीदी पुरानी पेंटिंग ने रातों-रात बना दिया करोड़पति, नीलामी में 13 करोड़ में बिकी
Courtesy: Freeman's

अमेरिका के मिशिगन में एक शख्स म्यूजिक के पुराने विनाइल रिकॉर्ड्स ढूंढने के लिए एक एस्टेट सेल (पुराने सामान की बिक्री) में गया था. वहां धूल-मिट्टी में पड़ी एक पेंटिंग पर उसकी नजर पड़ी. जब उसने फ्रेम को पलटकर देखा, तो पीछे एक जाना-माना नाम लिखा हुआ दिखाई दिया. उस शख्स ने बिना देर किए वह पेंटिंग केवल 30 डॉलर (लगभग 2,800 रुपए) में खरीद ली. उसे अंदाजा भी नहीं था कि कबाड़ समझकर खरीदी गई यह कलाकृति एक दिन उसकी किस्मत बदल देगी.

70 साल से गायब थी यह ऐतिहासिक पेंटिंग

यह पेंटिंग अमेरिका की मशहूर सर्रियलिस्ट आर्टिस्ट गर्ट्रूड एबरक्रॉम्बी (Gertrude Abercrombie) द्वारा 1951 में बनाई गई थी, जिसका नाम 'एल्डरमैन मेरियम के शेल' (Alderman Merriam's Shells) है. इतिहास के मुताबिक, 1952 में इसे मिशिगन के एक डॉक्टर को उनकी सेवाओं के बदले उपहार में दिया गया था. 1953 में शिकागो डिजाइन सेंटर में आखिरी बार प्रदर्शित होने के बाद यह रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई और लगभग 70 सालों तक दुनिया की नजरों से ओझल रही.

अनुमान से कई गुना ज्यादा लगी बोली

नीलामी से पहले शिकागो की एक विशेषज्ञ संस्था से इस पेंटिंग की मरम्मत और सफाई (रिस्टोरेशन) कराई गई. नीलामी घर (ऑक्शन हाउस) को उम्मीद थी कि यह पेंटिंग 15,000 से 2,50,000 डॉलर तक बिकेगी, लेकिन जब बोली लगनी शुरू हुई, तो सारे अनुमान पीछे छूट गए. अंततः यह पेंटिंग खरीदार के प्रीमियम सहित 13.5 लाख डॉलर (करीब 13 करोड़ रुपये) में बिकी. यह गर्ट्रूड एबरक्रॉम्बी की किसी भी कलाकृति के लिए अब तक की सबसे बड़ी और रिकॉर्ड तोड़ बोली है.

क्या खास है इस पेंटिंग में?

इस खास पेंटिंग में शिकागो के 5वें वार्ड के प्रतिनिधि एल्डरमैन रॉबर्ट मेरियम द्वारा इकट्ठा किए गए समुद्री सीशेल्स (समुद्री सीपियों) को दर्शाया गया है. इसमें बना एक टूटा हुआ सीशेल मोटिफ बाद में गर्ट्रूड की कला की मुख्य पहचान बन गया. गर्ट्रूड शिकागो के आर्ट और जैज म्यूजिक कल्चर का एक अहम चेहरा थीं. इस अनोखी खोज और रिकॉर्ड नीलामी की खबर अब दुनिया भर के आर्ट लवर्स के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है.