आजकल इंटरनेट और सोशल मीडिया पर हाई-प्रोटीन डाइट की खूब चर्चा होती है लेकिन क्या आपने कभी 'सनातनी प्रोटीन ब्रेकफास्ट' (Sanatani Protein Breakfast) के बारे में सुना है? एक कंटेंट क्रिएटर ने फिटनेस और अपनी आध्यात्मिक आस्था को मिलाकर नाश्ते का एक नया और अनोखा अंदाज पेश किया है, जो लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
इंस्टाग्राम पर @mantra_saadhana नाम से अकाउंट चलाने वाले तमाल मूल रूप से इजराइल के रहने वाले हैं. वह साल 2009 में अपने परिवार के साथ भारत आए थे. उन्होंने पश्चिम बंगाल के मायापुर में स्थित एक पारंपरिक गुरुकुल में 12 सालों तक शिक्षा हासिल की, जहां उन्होंने संस्कृत, वैदिक मंत्र और हवन-पूजा की रस्में सीखीं. तमाल खुद को एक शाकाहारी बॉडीबिल्डर और सनातन धर्म का अनुयायी बताते हैं.
तमाल के इस वायरल नाश्ते को बनाना बेहद आसान और पौष्टिक है. उनकी प्लेट में यह सब शामिल होता है:
तड़के वाला टोफू: वह टोफू (सोया पनीर) को छोटे टुकड़ों में काटते हैं और उसे देसी घी, जीरा, हींग, हल्दी, नमक और काली मिर्च के साथ थोड़ा मैश करके पकाते हैं.
अन्य चीजें: टोफू के साथ उनकी थाली में दही, कटा हुआ खीरा, टमाटर, एक सेब और ब्रेड शामिल होती है.
प्रोटीन हमारी मांसपेशियों (Muscles) की मजबूती, शरीर की रिकवरी और दिनभर ऊर्जा बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होता है. शाकाहारी लोगों के लिए टोफू और दही प्रोटीन का एक बेहतरीन जरिया हैं.
इस नाश्ते को 'सनातनी' बनाने वाली सबसे खास बात उनकी एक पवित्र आदत है. तमाल खाना खाने से पहले उसमें तुलसी का पत्ता रखकर अपने घर के मंदिर में भगवान को भोग लगाते हैं. उनका मानना है कि भगवान को अर्पित करने के बाद यह भोजन केवल शरीर को ताकत देने वाला नाश्ता नहीं रहता, बल्कि 'प्रसाद' बन जाता है, जो मन और चेतना को भी शुद्ध करता है.