menu-icon
India Daily

Viral Video: केदारनाथ यात्रा पर आए मुंबई के 2 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की खच्चर वालों ने डंडों से की पिटाई, जानें वजह

केदारनाथ यात्रा मार्ग के जंगलचट्टी इलाके में मुंबई से आए दो बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. खच्चरों की आवाजाही को लेकर विवाद के बाद तीन अज्ञात खच्चर संचालकों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Viral Video: केदारनाथ यात्रा पर आए मुंबई के 2 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की खच्चर वालों ने डंडों से की पिटाई, जानें वजह
Courtesy: @IndianLafdaa X Account

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुंबई से आए दो बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. जंगलचट्टी इलाके में खच्चरों की आवाजाही को लेकर हुए विवाद के बाद तीन खच्चर संचालकों पर दोनों यात्रियों को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

जानकारी के मुताबिक घटना 1 अक्टूबर की बताई जा रही है. मुंबई निवासी मानजी वाधजी वाविया और उनके साथी भानजी दामजी पटेल केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पैदल जा रहे थे. जंगलचट्टी के पास खच्चरों की आवाजाही को लेकर उनकी कुछ संचालकों से कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद तीन खच्चर संचालकों ने दोनों तीर्थयात्रियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. 

लाठी-डंडों से हमले का VIDEO वायरल

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग दो यात्रियों पर डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दोनों बुजुर्ग खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं. बाद के हिस्से में दोनों के सिर पर चोट के निशान और पट्टियां दिखाई देती हैं. हालांकि, वायरल वीडियो के सभी पहलुओं और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. 

घटना के बाद दोनों तीर्थयात्री सोनप्रयाग पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन अज्ञात खच्चर संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना से जुड़े सबूत जुटा रही है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी की घोषणा नहीं हुई है. 

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रुद्रप्रयाग की एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ आने वाले हर तीर्थयात्री की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है. यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चर चलाने वालों को यात्रियों के साथ मर्यादित व्यवहार करने और यात्रा व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभद्रता, मारपीट या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

केदारनाथ पैदल मार्ग पर यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब यात्रा मार्ग पर पैदल श्रद्धालुओं और घोड़ा-खच्चरों की आवाजाही को लेकर भीड़ और संकरे रास्तों के कारण कई जगह व्यवस्थाओं पर सवाल उठते रहे हैं. जंगलचट्टी, लिनचोली और भीमबली जैसे हिस्सों में पैदल यात्रियों और घोड़ा-खच्चरों की आवाजाही साथ होने से रास्ते पर दबाव रहता है.