नई दिल्ली: खेल के मैदान से अक्सर जीत-हार और रोमांच की खबरें आती हैं, लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं घटती हैं जो मानवता की एक नई मिसाल पेश करती हैं. ऐसा ही एक हैरतअंगेज नजारा तुर्किये के इस्तांबुल में एक एमेच्योर फुटबॉल मैच के दौरान देखने को मिला. यहाँ एक फुटबॉलर ने अपनी त्वरित बुद्धि और करुणा का परिचय देते हुए एक मरते हुए सीगल पक्षी को 'लाइव' जीवनदान दे दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना रविवार को इस्तांबुल युर्डम और मेवलानाकापी गुजेलहिसार के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान हुई. मैच के 22वें मिनट में युर्डम के गोलकीपर मुहम्मद उयानिक ने अपने पेनल्टी एरिया से एक जोरदार शॉट लगाया. बदकिस्मती से, उसी समय वहां से एक सीगल पक्षी उड़ रहा था और गेंद सीधे उसे जा लगी. गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि पक्षी तुरंत बेसुध होकर मैदान पर गिर पड़ा. शुरुआत में गोलकीपर उयानिक को इसका अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि उनकी गेंद से एक बेजुबान घायल हो गया है, तो वे बेहद अफसोस में डूब गए.
पक्षी के गिरते ही मैच को कुछ देर के लिए रोक दिया गया. तभी टीम के कप्तान गनी कैटन फुर्ती से पक्षी की ओर दौड़े. उन्होंने बिना समय गंवाए घायल सीगल को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) देना शुरू कर दिया. सीपीआर एक आपातकालीन प्रक्रिया है जो दिल की धड़कन रुकने पर दी जाती है. गनी कुछ पलों तक लगातार कोशिश करते रहे और देखते ही देखते चमत्कार हो गया, सीगल की आंखें और पैर हिलने लगे. मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक इस नजारे को देखकर दंग रह गए.
🇹🇷 In Turkey, during an amateur league match in Istanbul, a goalkeeper accidentally hit a seagull with the ball.
— Russian Market (@runews) February 23, 2026
A player from one of the teams managed to perform CPR on the bird and saved its life. pic.twitter.com/USKsUMz2YR
होश में आने के बाद खिलाड़ियों ने सीगल को पानी पिलाया और सावधानीपूर्वक उसे किनारे ले जाकर मेडिकल स्टाफ को सौंप दिया. गल्फ न्यूज के अनुसार, गनी कैटन ने बताया कि उनके पास प्राथमिक चिकित्सा की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं थी, उन्होंने बस उस बेजुबान की जान बचाने की कोशिश की. बाद में यह पुष्टि हुई कि गेंद लगने से पक्षी के पंख डैमेज हो गए थे, जिसके कारण वह उड़ नहीं पा रहा था. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, 'यह फुटबॉलर बड़े दिल वाला इंसान है', वहीं दूसरे ने इसे शानदार कार्य बताया.