जयपुर में भक्ति गीत की आवाज पर विवाद, मंदिर के पुजारी से मारपीट का आरोप; CCTV में कैद हुई घटना

जयपुर के करधनी इलाके में मंदिर में बज रहे भक्ति संगीत की आवाज को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि बहस के बाद पुजारी के साथ मारपीट की गई. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है.

X (@RajSingh_Jakhar)
Shanu Sharma

जयपुर के निवारू रोड स्थित गणेश नगर मेन इलाके में शुक्रवार शाम एक शिव मंदिर में भक्ति संगीत की आवाज को लेकर विवाद हो गया. पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 7:45 बजे की है. मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान के दौरान संगीत बज रहा था. 

मिली जानाकारी के मुताबिक यह विवाद तब बढ़ा जब पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के युवक ने आवाज को लेकर आपत्ति जताई. मामला बातचीत और बहस से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया. 

CCTV फुटेज में नजर आया पूरा घटनाक्रम

घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. सामने आए फुटेज में एक व्यक्ति पुजारी के साथ बहस करता दिखाई देता है. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता नजर आता है और आरोपी द्वारा पुजारी को जमीन पर गिराकर कथित तौर पर लात-घूंसों से हमला किया जाता है. 


घटना के अगले दिन शनिवार को पंडित रामकृष्ण करधनी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शिव मंदिर में पुजारी हैं. शिकायत में उन्होंने पड़ोस में रहने वाले हरीश चतुर्वेदी, देवांश और रितु पर विवाद में शामिल होने का आरोप लगाया. पुजारी के मुताबिक, मंदिर में बज रहे भक्ति संगीत की आवाज को लेकर पहले उनसे बहस की गई और इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया.
 

दूसरे पक्ष की शिकायत भी दर्ज

करधनी थाना पुलिस के अनुसार, पुजारी की शिकायत के आधार पर हरीश और देवांश को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से दी गई शिकायत को भी दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

घटना के बाद पुजारी के परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली. रविवार दोपहर कई लोग करधनी थाने के बाहर एकत्र हुए और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा. पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई होगी.