menu-icon
India Daily

मच्छर भगाने वाली कॉइल से बस बनी आग का गोला, सोता हुआ कंडक्टर जिंदा जला; देख नहीं पाएंगे खौफनाक वीडियो

दिल्ली के विकासपुरी इलाके में मच्छर भगाने वाली कॉइल या अगरबत्ती से बस में भीषण आग लग गई. इस हादसे में बस कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं दिल्ली के अलग अलग इलाकों में आग और धमाकों की घटनाओं ने दहशत फैला दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
मच्छर भगाने वाली कॉइल से बस बनी आग का गोला, सोता हुआ कंडक्टर जिंदा जला; देख नहीं पाएंगे खौफनाक वीडियो
Courtesy: X

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी इलाके विकासपुरी से रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. यहां खड़ी एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें बस कंडक्टर की जलकर मौत हो गई. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग मच्छर भगाने वाली कॉइल या अगरबत्ती से लगी थी. यह हादसा इतना खौफनाक था कि जब तक लोगों को कुछ समझ में आता, बस पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 साल के सुनील शर्मा के रूप में हुई है. वह प्राइवेट बस में हेल्पर और कंडक्टर के तौर पर काम करता था. रविवार तड़के जब आग लगी, उस समय सुनील बस के अंदर ही मौजूद था. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद जब बस की तलाशी ली, तो अंदर से सुनील शर्मा का जला हुआ शव बरामद हुआ.  

रात के सन्नाटे में भड़की आग

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक उन्हें रात करीब 12 बजकर 33 मिनट पर जनकपुरी फिश मार्केट इलाके से आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया. जब दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी. आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दूर खड़े होकर तमाशा देखने को मजबूर हो गए.

दमकलकर्मियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद जब बस के अंदर देखा गया, तो कंडक्टर का शव बुरी तरह जला हुआ मिला. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह मच्छर भगाने वाली कॉइल या अगरबत्ती हो सकती है, जो बस के अंदर जल रही थी. हालांकि मामले की पूरी जांच की जा रही है.

मंगोलपुरी में सिलेंडर धमाका

इसी दिन दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक और हादसे की खबर सामने आई. यहां एक घर में गैस सिलेंडर फटने से तीन से चार लोग झुलस गए. फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब एक बजे धमाके की सूचना मिली थी. दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

फायर डिपार्टमेंट के अनुसार धमाके के बाद आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से हालात पर काबू पा लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि अगर थोड़ी देर और हो जाती तो नुकसान और बड़ा हो सकता था.