क्या एयरपोर्ट पर आरामदायक नींद चाहिए? वायरल स्लीपिंग पॉड का किराया जानकर रह जाएंगे हैरान
लंबे लेओवर के दौरान आराम के लिए दुनिया के कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्लीपिंग पॉड उपलब्ध हैं. इस्तांबुल एयरपोर्ट पर इसका किराया 14 यूरो प्रति घंटा है, जबकि अलग से तकिया और कंबल के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होता है.
नई दिल्ली: लंबी अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान कई बार यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ता है. ऐसे समय में आराम करना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है. इसी जरूरत को देखते हुए दुनिया के कई बड़े अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्लीपिंग पॉड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. सोशल मीडिया पर इन आरामदायक कैप्सूल जैसे पॉड्स के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें यात्री कुछ घंटों के लिए आराम से सो सकते हैं.
हाल ही में ट्रैवल यूट्यूबर लाउंज गुरु ने तुर्किये के इस्तांबुल एयरपोर्ट पर मौजूद स्लीपिंग पॉड का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि फ्लाइट चार घंटे लेट होने पर उन्होंने दो घंटे के लिए स्लीपिंग पॉड बुक किया और वहां आराम किया. उनके वीडियो के बाद इस सुविधा को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.
यूट्यूबर ने क्या बताया?
यूट्यूबर के अनुसार पिछले वर्ष अक्टूबर में इस्तांबुल एयरपोर्ट पर स्लीपिंग पॉड का किराया 12 यूरो प्रति घंटा था. अब इसकी कीमत बढ़कर 14 यूरो प्रति घंटा हो गई है. भारतीय मुद्रा में यह लगभग 1,400 रुपये प्रति घंटा बैठती है. यदि यात्री तकिया और कंबल लेना चाहते हैं, तो इसके लिए अतिरिक्त 5 यूरो यानी लगभग 500 रुपये का शुल्क देना पड़ता है. स्टाफ यात्रियों को साफ तकिया और कंबल उपलब्ध कराता है.
Also Read
क्या-क्या है सुविधाएं?
इस्तांबुल एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के गेट डी पर कुल 44 स्लीपिंग पॉड लगाए गए हैं. ये पूरी तरह बंद कमरे नहीं होते, बल्कि आधे खुले कैप्सूल की तरह डिजाइन किए गए हैं. इनमें गद्देदार बेड, मोबाइल चार्जिंग के लिए यूएसबी पोर्ट, बिजली का सॉकेट, सामान रखने के लिए अलग कम्पार्टमेंट और बैग रखने की सुरक्षित जगह उपलब्ध होती है.
यूट्यूबर ने बताया कि उन्हें पॉड में अच्छी नींद आई, लेकिन दिन के समय अंदर थोड़ा गर्म महसूस हुआ. चूंकि पॉड पूरी तरह बंद नहीं होते, इसलिए एयरपोर्ट की रोशनी और आसपास का हल्का शोर अंदर तक पहुंच सकता है. उन्होंने यह भी बताया कि इनमें वेकअप कॉल की सुविधा नहीं होती, इसलिए अगली फ्लाइट पकड़ने के लिए अलार्म लगाना जरूरी है.
ऑस्ट्रेलिया के पर्थ एयरपोर्ट पर कैसी है सुविधा?
ऑस्ट्रेलिया के पर्थ एयरपोर्ट पर भी ऐसी सुविधा उपलब्ध है. यहां चार घंटे के लिए किराया लगभग 50 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और आठ घंटे के लिए 90 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से शुरू होता है. बुकिंग के साथ बेडशीट, तकिया, कंबल और लंबी बुकिंग पर आई मास्क तथा ईयरप्लग भी दिए जाते हैं.
सिंगापुर का चांगी एयरपोर्ट, दक्षिण कोरिया का इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अबू धाबी, एम्स्टर्डम शिफोल, दुबई, हेलसिंकी और म्यूनिख जैसे कई बड़े एयरपोर्ट भी यात्रियों को स्लीपिंग पॉड की सुविधा प्रदान करते हैं. यदि आपका लेओवर लंबा है, तो एयरपोर्ट की कुर्सियों पर इंतजार करने की बजाय यह सुविधा अधिक आरामदायक विकल्प साबित हो सकती है. हालांकि बुकिंग से पहले किराया और उपलब्धता जरूर जांच लें.