बरेली में तूफान का कहर! टीन शेड के साथ पत्ते की तरह उड़ गए छोटे मियां; वीडियो देख निकली लोगों की चीखें
बरेली में बुधवार को आए भीषण तूफान के दौरान बारातघर की टीनशेड पकड़कर खड़े नन्हे मियां तेज हवा में उसके साथ उड़ गए. हादसे में उनके हाथ पैर टूट गए और गंभीर चोटें आई हैं. इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में बुधवार को आए चक्रवाती तूफान ने लोगों को दहशत में डाल दिया है. तेज आंधी और बारिश इतनी अचानक आई कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. कुछ ही मिनटों में शहर और आसपास के इलाकों में हालात बदल गए. कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली के पोल टूटकर गिर पड़े और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा. लोगों का कहना है कि उन्होंने जिंदगी में इतना खतरनाक तूफान पहले कभी नहीं देखा.
टीनशेड के साथ हवा में उड़ गए नन्हे मियां
तूफान के बीच सबसे चौंकाने वाली घटना एक बारातघर में हुई. यहां मौजूद नन्हे मियां टीनशेड को उड़ने से बचाने की कोशिश कर रहे थे. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक तेज हवा के कारण बारातघर की टीनशेड उखड़ने लगी. वहां मौजूद बाकी लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन नन्हे मियां उसे पकड़कर रोकने लगे. कुछ ही सेकेंड में हवा इतनी तेज हो गई कि पूरी टीनशेड उखड़ गई और नन्हे मियां उसके साथ हवा में कई फीट ऊपर उठ गए. यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग चीख पड़े.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज हवा के बीच टीनशेड अचानक ऊपर उठती है और उसके साथ नन्हे मियां भी हवा में लटकते नजर आते हैं. कुछ दूरी पर जाकर वह नीचे गिर पड़े. हादसे में उनके हाथ पैर टूट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
चार लोगों की मौत से पसरा मातम
इस तूफान ने केवल शहर ही नहीं बल्कि गांवों में भी भारी तबाही मचाई. अलग अलग हादसों में एक बच्ची समेत 4 लोगों की मौत हो गई. भमोरा थाना क्षेत्र के हररामपुर गांव में 12 साल की देवकी बच्चों के साथ खेल रही थी. इसी दौरान तेज हवा में नीम के पेड़ की भारी टहनी टूटकर उसके ऊपर गिर गई. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.