'मैं शनिदेव महाराज की कसम खाकर कहता हूं कि...', पुलिस ने गंगाजल लेकर कसम खिलाई और कर दिया 'बरी'
Viral Video: यूपी के एटा में चोरी के आरोपी को पुलिस ने गंगाजल देकर कसम खिलाई और फिर छोड़ दिया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है. बताया गया है कि चोरी का यह मामला पिछले साल मई महीने का है लेकिन अभी तक असली चोर पकड़े ही नहीं जा सके हैं.
उत्तर प्रदेश के एटा में पिछले साल एक चोरी हुई थी. चोरी के मामले की शिकायत थाने तक पहुंची तो पुलिस आरोपियों को ले आई. फिर पुलिस ने 'इंसाफ' के लिए जो तरीका अपनाया उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मियों ने आरोपों के हाथ में गंगाजल देकर कसम खिलाई. रिपोर्ट के मुताबिक, कसम खाते हुए इन लोगों ने कहा कि वे निर्दोष हैं. बस इतना कहते ही पुलिस ने उन्हें निर्दोष मान भी लिया और बरी कर दिया. अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का कहना है कि इस वायरल वीडियो के बारे में जांच की जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरना के सरोज मिश्रा और विजय पाल सिंह के घर से एक ही दिन में चोरी चोरी हुई थी. दोनों ने पुलिस को अलग-अलग शिकायत दी लेकिन दोनों मामले एक ही रिपोर्ट में दर्ज कर लिए गए. सरोज मिश्रा ने अपनी शिकायत में दावा किया कि उनके घर हुई चोरी में जो सीढ़ी इस्तेमाल हुई वह विजयपाल सिंह की ही थी. इस पर आशंका जताई गई कि इसमें विजयपाल सिंह का ही हाथ हो सकता है.
कसम खिलाकर छोड़ दिया
सरोज ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला. हाल ही में पुलिस ने विजयपाल सिंह और उनके बेटे को थाने में बुलाया. इन दोनों के हाथ में गंगाजल दिया और पीपल के पेड़ के नीचे से बने छोटे से मंदिर के सामने कसम खिलाई गई. इसमें पुलिस वाले उनसे कह रहे हैं, 'कहो, मैं शनिदेव महाराज की कसम खाकर कहता हूं कि इस चोरी में मेरा कोई हाथ नहीं है.' दोनों ने बारी-बारी से कसम खाई तो पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया और दोनों घर चले गए.
अब इस मामले में एटा पुलिस ने ट्विटर पर अपना बयान जारी किया है. पुलिस ने कहा है, 'दिनांक 18/19 मई 2023 को थाना जैथरा क्षेत्रांतर्गत हुई चोरी की घटना के संबंध में तत्समय अभियोग पंजीकृत किया गया था. साथ ही, साक्ष्य एवं गुण-दोष के आधार पर विवेचना प्रचलित है. उक्त घटना से संबंधित पक्षों का वीडियो संज्ञान में आने पर वायरल वीडियो की जांच क्षेत्राधिकारी अलीगंज को सुपुर्द की गई है.'
पीड़ित ने क्या कहा?
इस घटना के बारे में पीड़ित सरोज मिश्रा का कहना है 'हमने तो किसी तरह की कसम खिलाने की मांग नहीं की थी. किसी न किसी ने तो चोरी की ही होगी, पुलिस को इसका खुलासा करना चाहिए.' इस मामले में अलीगंज थाने के सीओ सुधांशु शेखर का कहना है कि चोरी के मामले में कसम खिलाने की बात उनके संज्ञान में नहीं है. वहीं थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह का कहना है कि गांव के लोगों ने आपस में कसम खिलाई है, इसमें पुलिस का कोई रोल नहीं है.