8 महीने के प्रेग्नेंसी में दौड़ी 42 किलोमीटर की मैराथन, महिला के हौसले ने दुनिया को चौंकाया

न्यूयॉर्क की 38 वर्षीय डिर्ड्रे कीन ने 34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में न्यूयॉर्क सिटी मैराथन पूरी की. उन्होंने 1 नवंबर को 4 घंटे 6 मिनट और 55 सेकंड में यह रेस पूरी की.

deirdremkeane Instagram Account
Km Jaya

कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है. न्यूयॉर्क की रहने वाली 38 साल की डिर्ड्रे कीन ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. उन्होंने 34 हफ्ते यानी करीब 8 महीने की प्रेग्नेंसी में न्यूयॉर्क सिटी मैराथन पूरी कर सभी को हैरान कर दिया. 

खास बात यह है कि उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान एक ही साल में दुनिया की सात प्रतिष्ठित वर्ल्ड मैराथन मेजर्स में हिस्सा लिया और सभी को पूरा किया. उनकी इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है.

34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में पूरी की मैराथन

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पेशे से नर्स प्रैक्टिशनर और मैनेजमेंट कंसल्टेंट डिर्ड्रे कीन ने 1 नवंबर को न्यूयॉर्क सिटी मैराथन में हिस्सा लिया. उन्होंने यह रेस 4 घंटे 6 मिनट और 55 सेकंड में पूरी की. उस समय वह 34 हफ्ते की गर्भवती थीं. आमतौर पर इस दौरान महिलाएं अपनी सेहत और आराम पर विशेष ध्यान देती हैं, लेकिन डिर्ड्रे ने अपनी फिटनेस और तैयारी के दम पर यह चुनौती पूरी की.


एक साल में पूरी की दुनिया की सात बड़ी मैराथन

डिर्ड्रे की उपलब्धि सिर्फ न्यूयॉर्क मैराथन तक सीमित नहीं है. उन्होंने एक ही साल में दुनिया की सात प्रमुख मैराथन पूरी कीं. इनमें टोक्यो, बोस्टन, लंदन, सिडनी, बर्लिन, शिकागो और न्यूयॉर्क शामिल हैं. इन सात प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं को वर्ल्ड मैराथन मेजर्स कहा जाता है. लंबी दूरी की इन रेस में हिस्सा लेना अपने आप में बड़ी चुनौती माना जाता है. डिर्ड्रे ने प्रेग्नेंसी के दौरान भी अपना यह लक्ष्य पूरा करके एक अलग मिसाल पेश की.

अप्रैल में पता चली प्रेग्नेंसी

डिर्ड्रे ने जब इन मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, तब वह गर्भवती नहीं थीं. पिछले साल शादी के बाद उन्होंने तय किया था कि साल 2026 में मां बनने की जिम्मेदारी संभालने से पहले अपनी बकेट लिस्ट के बड़े लक्ष्य पूरे करेंगी. मार्च में टोक्यो मैराथन पूरी करने के बाद अप्रैल में बोस्टन और लंदन मैराथन के दौरान उन्हें शरीर में कुछ बदलाव महसूस हुए. जांच कराने पर पता चला कि वह प्रेग्नेंट हैं. इस खबर के बाद उन्होंने कुछ बेहद कठिन इवेंट्स, जैसे आयरनमैन और अल्ट्रामैराथन छोड़ दिए, लेकिन सातों मेजर मैराथन पूरी करने का लक्ष्य बरकरार रखा.

पति भी थे चिंतित, फिर दोनों ने लिया फैसला

डिर्ड्रे के पति ब्रायन शुरुआत में उनकी प्रेग्नेंसी के दौरान मैराथन में हिस्सा लेने को लेकर काफी चिंतित थे. हालांकि, बाद में दोनों ने मिलकर तय किया कि वे हर रेस को बिना समय के दबाव के पूरा करने पर ध्यान देंगे. जरूरत पड़ने पर दौड़ने के बजाय पैदल चलने का विकल्प भी अपनाया जाएगा. इस तरह उन्होंने अपनी सेहत को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया.

डॉक्टर की सलाह और फिटनेस पर भरोसा

डिर्ड्रे के मुताबिक, उनकी स्त्री रोग विशेषज्ञ यानी OB-GYN ने उन्हें कुछ जरूरी सावधानियों के साथ दौड़ने की अनुमति दी थी. डॉक्टर ने शरीर में पानी और पोषण की कमी नहीं होने देने तथा मांसपेशियों में खिंचाव महसूस होने पर तुरंत रुकने की सलाह दी थी. डिर्ड्रे को अपनी फिटनेस और शरीर की क्षमता पर भरोसा था. यही वजह रही कि उन्होंने इस चुनौती को पूरा किया. 

उनकी कहानी यह दिखाती है कि दृढ़ संकल्प और सही तैयारी से इंसान अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकता है. हालांकि, गर्भावस्था में मैराथन जैसी कठिन शारीरिक गतिविधि हर महिला के लिए सुरक्षित नहीं होती. इसके लिए डॉक्टर की व्यक्तिगत सलाह बेहद जरूरी है.