बिजली बिल ने कर दिया परेशान? अब दफ्तर जाने की जरूरत नहीं, WhatsApp से ऐसे करें शिकायत
उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए UPPCL ने घर बैठे कई जरूरी सेवाएं आसान कर दी हैं. अब अलग-अलग डिस्कॉम के उपभोक्ता 24×7 WhatsApp चैटबॉट के जरिए बिजली बिल देख सकते हैं.
नई दिल्ली: बिजली का बिल आते ही अगर रकम उम्मीद से ज्यादा दिखाई दे तो सबसे पहले दिमाग में यही सवाल आता है कि शिकायत कहां और कैसे करें. उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अब इस काम को आसान बनाया गया है. उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने अलग-अलग डिस्कॉम के लिए 24×7 WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है. इसके जरिए उपभोक्ता घर बैठे बिल से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं और डिजिटल तरीके से शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं.
इस सुविधा का फायदा पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल और केस्को के उपभोक्ताओं को मिलेगा. खास बात यह है कि जिन उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिला है, वे मीटर रीडिंग की फोटो भेजकर सेल्फ बिल जनरेट कर सकते हैं. इसके अलावा बिजली कटौती, वोल्टेज और गलत बिलिंग जैसी समस्याओं की शिकायत भी WhatsApp के जरिए की जा सकेगी. शिकायत की स्थिति जानने और भुगतान लिंक हासिल करने की सुविधा भी उपलब्ध है.
बिजली विभाग के दफ्तर जाने की जरूरत कम होगी
UPPCL की यह सुविधा उन उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी है, जिन्हें बिल से जुड़े छोटे कामों के लिए बिजली कार्यालय जाना पड़ता था. अब स्मार्टफोन से ही कई सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है. उपभोक्ता अपने बिजली खाते से जुड़ी जानकारी हासिल करने के साथ नया बिल देख और डाउनलोड कर सकते हैं. सेवा 24 घंटे उपलब्ध होने के कारण उपभोक्ताओं को कार्यालय खुलने का इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा.
Also Read
मीटर की फोटो भेजकर खुद बनाएं बिजली बिल
WhatsApp चैटबॉट के जरिए सेल्फ बिलिंग की सुविधा भी दी गई है. अगर किसी उपभोक्ता को बिल नहीं मिला है, तो वह अपनी मीटर रीडिंग की फोटो अपलोड कर सकता है. इसके अलावा पावर कट, वोल्टेज की समस्या या गलत बिलिंग जैसी शिकायतें दर्ज की जा सकती हैं. दर्ज शिकायत का स्टेटस भी देखा जा सकता है. बिल भुगतान के लिए WhatsApp चैट के जरिए ऑनलाइन पेमेंट लिंक मिलने की सुविधा भी उपलब्ध है.
ऐसे शुरू करें WhatsApp पर बिजली सेवा
अपने क्षेत्र के डिस्कॉम का आधिकारिक WhatsApp नंबर मोबाइल में सेव करें. इसके बाद WhatsApp खोलकर उस नंबर पर HI या MENU लिखकर भेजें. चैटबॉट की ओर से मांगे जाने पर अपना 10 या 12 अंकों का बिजली खाता नंबर दर्ज करें. इसके बाद स्क्रीन पर Check Bill, File Complaint और Self Billing जैसे विकल्प दिखाई देंगे. अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनकर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा.
अपने इलाके के लिए यह नंबर कर लें सेव
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) का WhatsApp नंबर 7669003409 है. पूर्वांचल (PuVVNL) के लिए 8010968292, पश्चिमांचल (PVVNL) के लिए 7859804803 और दक्षिणांचल (DVVNL) के लिए 8010957826 जारी किया गया है. कानपुर शहर के केस्को उपभोक्ता 8287835233 नंबर पर WhatsApp सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं. अपने क्षेत्र के अनुसार सही नंबर पर संपर्क करके बिल, शिकायत और सेल्फ बिलिंग जैसी सुविधाएं ली जा सकती हैं.