US Israel Iran War

अप्रैल में ट्रेन से सफर का है प्लान? मध्यप्रदेश से गुजरने वाली 6 अहम ट्रेनें रहेंगी कैंसिल, अभी लिस्ट करें चेक

अगर आप भी अप्रैल में ट्रेन से सफर करने का सोच रहे हैं तो आपको एक बार लिस्ट चेक करना चाहिए. इस महीने कई ट्रेनें कैंसिल रहेंगी.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: ट्रेन से सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए अप्रैल महीना थोड़ा चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. मध्य प्रदेश से होकर जाने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने वाला है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है. इससे खासकर बैतूल, इटारसी और भोपाल क्षेत्र के यात्रियों की योजनाएं बिगड़ सकती हैं.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह काम यात्री सुविधा को ध्यान में रखकर ही किया जा रहा है. प्लेटफॉर्म और ट्रैक को आधुनिक बनाने से भविष्य में ट्रेनें समय पर चल सकेंगी और भीड़भाड़ भी कम होगी. फिलहाल थोड़ी असुविधा जरूर है, लेकिन यह अस्थायी है. 

कार्य क्यों जरूरी पड़ा

गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 3 का पूरा विकास और अपग्रेडेशन चल रहा है. इसमें वॉशेबल एप्रन को बॉलास्टेड ट्रैक में बदला जा रहा है. निर्माण के दौरान ट्रैक के आसपास लगातार काम होता रहता है, इसलिए मुख्य लाइन पर ट्रैफिक ब्लॉक लेना पड़ रहा है. रेलवे ने यात्री सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए कुछ ट्रेनों को कैंसिल करने का कदम उठाया है. इससे दुर्घटना का कोई खतरा नहीं रहेगा और काम तेजी से पूरा हो सकेगा.

किन यात्रियों को पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

यह बदलाव मुख्य रूप से बैतूल स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ रहा है. छत्तीसगढ़ से अमृतसर जाने वाले, रायगढ़-दिल्ली रूट के यात्री और विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन की यात्रा करने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित होंगे. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले परिवार, छात्र और व्यापारी अपनी बुकिंग दोबारा जांच लें. कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही रोक दिया जाएगा.

इन छह ट्रेनों की पूरी कैंसिलेशन लिस्ट

  • ट्रेन नंबर 18237 बिलासपुर-अमृतसर (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस) 5 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कैंसिल रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 18238 अमृतसर-बिलासपुर (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस) 7 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक कैंसिल रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12410 हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ (गोंडवाना एक्सप्रेस) 2, 4, 6, 7, 8, 9, 11, 13, 14, 15, 16, 18, 20, 21 और 22 अप्रैल को कैंसिल रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12409 रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन (गोंडवाना एक्सप्रेस) 4, 6, 8, 9, 10, 11, 13, 15, 16, 17, 18, 20, 22, 23 और 24 अप्रैल को कैंसिल रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12807 विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन (समता एक्सप्रेस) 5, 7, 8, 9, 11, 12, 14, 15, 16, 18, 19, 21, 22 और 30 अप्रैल को कैंसिल रहेगी.
  • ट्रेन नंबर 12808 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम (समता एक्सप्रेस) 7, 9, 10, 11, 13, 14, 16, 17, 18, 20, 21, 23, 24 और 25 अप्रैल को कैंसिल रहेगी. 

यात्रियों के लिए उपयोगी सलाह

यात्रा से पहले IRCTC ऐप या NTES पर ट्रेन स्टेटस जरूर देख लें. कैंसिल ट्रेन का टिकट रिफंड ऑटोमैटिक मिल जाएगा. वैकल्पिक ट्रेनों, बस या अन्य साधनों का प्लान तैयार रखें. काम पूरा होते ही सभी ट्रेनें अपने नियमित समय पर चलने लगेंगी. रेलवे यात्रियों से सहयोग की अपील कर रहा है ताकि यह अस्थायी असुविधा जल्द खत्म हो सके.