Utility News: फरवरी का महीना बस खत्म होने जा रहा है. मार्च में महीने की शुरूआत होली के त्यौहार से होगी. इस पर्व की खुशी में आप एक जरूरी बात भूल सकते हैं. हर महीने की तरह इस महीने भी कुछ नियमों में बदलाव होने जा रहा हैं. इस बदलाव का सीधा असर आम लोग खासकर मिडल क्लास पर पड़ रहा है. आज हम आपको इन्हीं नियमों के बारे में बताने वाले हैं. इन बदलावों में LPG सिलेंडर की कीमत से लेकर SIM-Binding नियम तक शामिल है.
हर महीने की शुरुआत में LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होता है. इसके बाद नई कीमतें जारी होती हैं. ऐसे में अब देखना यह है कि इस महीने LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी होती हैं या फिर कटौती होती है. अभी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है. आंकड़े इंडियन ऑयल की वेबसाइट से लिए गए हैं.
आपको बता दें कि LPG सिलेंडर की तरह ही ऑयल कंपनियां CNG-PNG और ATF की कीमतों में भी बदलाव करती हैं. उसके बाद नई कीमतें जारी करती है. ऐसे में 1 मार्च से CNG-PNG और ATF की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. दिल्ली में रेट लगभग ₹77.09/kg और मुंबई में लगभग ₹77/kg है. 1 जनवरी, 2026 को PNGRB के यूनिफाइड टैरिफ के बाद, कीमतों में ₹2–3/kg की गिरावट आई. 1 जनवरी, 2026 को दिल्ली में ATF की कीमतें 7.3% घटकर ₹92,323.02/kl हो गईं.
1 मार्च से भारतीय रेलवे की पुरानी UTS ऐप बंद हो जाएगी. रेलवे के मुताबिक 1 मार्च 2026 से UTS ऐप काम नहीं करेगी. यानी जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और मंथली सीजन टिकट अब RailOne ऐप से ही बुक होंगे. राहत की बात यह है कि यात्रियों को नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप अपने पुराने UTS लॉगिन या IRCTC आईडी से ही RailOne में साइन इन कर सकेंगे.
1 मार्च से मोबाइल यूजर्स के लिए SIM-Binding के नियम लागू हो जाएंगे. 28 नवंबर को WhatsApp, Telegram, Signal, SnapChat, ShareChat, JioChat, Arattai और Josh जैसे पॉपुलर कम्युनिकेशन ऐप्स को डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन्स (DoT) ने ऑफिशियली ऑर्डर दिया था. उनको कहा गया कि वे पक्का करें कि उनकी सर्विस तभी काम करें जब फोन में सही SIM कार्ड हो. उन्हें यह तरीका लागू करने के लिए 90 दिनों का समय दिया गया था, जो 28 फरवरी को खत्म होने वाला है और रिपोर्ट 120 दिनों में जमा करनी थी. इसलिए, यह डेवलपमेंट 1 मार्च (रविवार) से लागू होगा.