PM Kisan 24th Installment: दिवाली से पहले खिल उठेंगे किसानों के चेहरे, अगली किस्त के लिए न करें ये गलती
केंद्र सरकार पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त दिवाली से पहले जारी करने की तैयारी में है. इस बार 2,000 रुपये की राशि अक्टूबर में ही खातों में पहुंच सकती है.
PM Kisan 24th Installment: त्योहारों का मौसम किसानों के लिए खुशखबरी ला सकता है. केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करने की तैयारी में है. बताया जा रहा है कि दिवाली के खर्चों को देखते हुए अक्टूबर में ही किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये भेजे जा सकते हैं. मगर एक बड़ी चिंता भी है.
अपात्रता या तकनीकी कमियों की वजह से लाखों किसानों के नाम लाभार्थी लिस्ट से हट चुके हैं. इसलिए किस्त आने से पहले अपना स्टेटस जांच लेना बेहद जरूरी है. अगर स्टेटस नहीं दिख रहा, तो ई केवाईसी कराकर सत्यापन पूरा करना होगा, जो घर बैठे भी हो सकता है.
घर बैठे ई केवाईसी का आसान तरीका
सरकार ने ई केवाईसी की प्रक्रिया काफी सरल कर दी है. अब ओटीपी या फिंगरप्रिंट के बिना भी मोबाइल से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह काम हो सकता है. इसके लिए 'PM KISAN GOI' ऐप डाउनलोड करें और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर से लॉगिन करें. होम पेज पर 'e KYC' या 'Face Authentication' चुनें, कैमरे के सामने चेहरा सीधा रखें और पलकें झपकाएं. सफल होने पर स्क्रीन पर संदेश आ जाएगा.
Also Read
क्यों रुक जाती है किस्त?
लाखों किसानों के पैसे इसलिए अटक जाते हैं क्योंकि वे जानकारी के अभाव में कुछ गलतियां कर बैठते हैं. जैसे, उनका भूमि सत्यापन नहीं हुआ होता या बैंक खाता आधार से जुड़ा नहीं होता. यानी गलती अक्सर छोटी होती है, लेकिन नुकसान सीधे जेब पर पड़ता है. कई बार किसानों को इसका पता तब चलता है, जब किस्त की तारीख निकल चुकी होती है और खाते में पैसे नहीं पहुंचते. अच्छी बात यह है कि इन तीनों जरूरी बातों को घर बैठे ऑनलाइन जांचा जा सकता है, इसलिए समय रहते स्टेटस देख लेना ही समझदारी है.
ऐसे जांचें अपना स्टेटस
सबसे पहले आपको pmkisan.gov.in पर जाकर 'Know Your Status' पर क्लिक करना होगा. रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड डालकर 'Get Data' दबाएं. प्रोफाइल खुलने पर 'Eligibility Status' टैब देखें. यहां तीन चीजों के आगे 'YES' होना जरूरी है: Land Seeding, e KYC Status और Aadhaar Bank Account Seeded Status. अगर किसी के आगे 'NO' दिखे, तो तुरंत नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या अपने बैंक से संपर्क करें, वरना किस्त अटक सकती है.