जनवरी 2024 छुट्टी वाले दिन भी खुलेगा NSE-BSE, जानें इस दिन कैसे होगी ट्रेडिंग

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एक खास सेशन के लिए जनवरी 2024 में छुट्टी वाले दिन भी खुलेगा.

Sagar Bhardwaj

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एक खास सेशन के लिए जनवरी 2024 में छुट्टी वाले दिन भी खुलेगा. एक्सचेंज ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि डिजास्टर रिकवरी साइट पर इंट्राडे स्विच-ओवर के लिए एक खास सेशन रखा गया है. इस दिन दोनों एक्सचेंज  छोटे-छोटे दो सेशन में काम करेंगे.

जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को बीएसई और एनएसई का प्री-सेशन सुबह 9 बजे होगा. इसके बाद सवा नौ बजे सामान्य तौर पर बाजार खुलेगा और  यह सुबह 10 बजे तक खुला रहेगा. इसके बाद डिजास्टर रिकवरी साइट की प्री-ओपनिंग सेशन सुबह 11.15 बजे होगी और 11.23 बजे से मार्केट में सामान्य रूप से कामकाज करेगा और इसके बाद दोपहर 12:50 पर बाजार बंद होगा.

वहीं फ्यूचर एंड ऑप्शंस सेगमेंट के लिए बाजार सुपह 9:15 बजे खुलेगा और 10 बजे बंद होगा. डिजास्टर रिकवरी वेबसाइट पर बाजार 11:30 बजे खुलेगा और दोपहर 12:30 बजे बंद होगा.

इन बातों का रखना होगा ध्यान

एनएसई-बीएसई ने कहा है कि डेरिवेटिव प्रोडक्ट्स समेत सभी सिक्योरिटीज के लिए अधिकतम प्राइस बैंड 5% होगा. इस वजह से जो सिक्योरिटीज 2% या इससे नीचे के बैंड में हैं, उसका बैंड उसी में बरकरार रहेगा.

क्लोज-एंडेड म्यूचुअल फंड्स 5% के प्राइस बैंड का पालन करेंगे. फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट इस दिन 5% के दायरे में ही ट्रेड करेंगे. सिक्योरिटीज या फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट में इस दिन कोई फ्लेक्सिबिलिटी नहीं होगी.

ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट के प्राइस बैंड
इक्विटी सेगमेंट में इक्विटी और फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए जो प्राइस बैंड सुबह तय होता है वो डिजास्टर रिकवरी साइट पर भी लागू होगी. प्राइमरी वेबसाइट पर ऑपशंस कॉन्ट्रैक्ट के प्राइस बैंड में कोई भी बदलाव डिजास्टर रिकवरी साइट पर भी दिखेगी. एक्सचेंजों ने भरोसा जताया कि प्राइमरी वेबसाइट से डिजास्टर वेबसाइट पर शिफ्ट होने का काम सरल और योजनाबद्ध तरीके से होगा. दरअसल, सेबी की टेक्निकल एडवाइजरी कमिटी ने चर्चा के बाद एक्सचेंजों को इसका सुझाव दिया है.