Microsoft Outage: आईटी कंपनी माक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई गड़बड़ी का असर दुनियाभर में देखा जा रहा है. विमानन कंपनी इंडिगो ने पूरे भारत में अपनी करीब 200 उड़ानों को रद्द कर दिया है. सर्वर में आई तकनीकी खामी को इन फ्लाइट्स के रद्द किए जाने की वजह बताया गया है. कंपनी ने रद्द की गईं अपनी सभी उड़ानों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड की है.
न रिफंड न दोबारा बुकिंग
उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यही नहीं उन्हें दोबारा बुकिंग और रिफंड में भी दिक्कत आ रही है. कंपनी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा, 'विश्वव्यापी यात्रा प्रणाली में गड़बड़ी के चलते उड़ानों को रद्द किया गया है, यह गड़बड़ी हमारे नियंत्रण से बाहर है. दोबारा बुकिंग और रिफंड का विकल्प अभी अस्थाई रूप से बंद है. रद्द की हुई उड़ानों की जानकारी https://bit.ly/4d5dUcZ पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं. संयम रखने और हमें सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद.'
Flights are cancelled due to the cascading effect of the worldwide travel system outage, beyond our control. The option to rebook/claim a refund is temporarily unavailable. To check the cancelled flights, visit https://t.co/D1sAKR5Hhl. We truly appreciate your patience & support.
— IndiGo (@IndiGo6E) July 19, 2024
ज्यादातर उड़ानें दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई से
कंपनी द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, इंडिगो की करीब 192 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं, इनमें से ज्यादातर फ्लाइट्स दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई से हैं.
Microsoft Azure में आई दिक्कत
इंडिगो के अलावा स्पाइसजेट, एयर इंडिया, विस्तारा, आकासा सभी को माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई गड़बड़ी का सामना करना पड़ा. यह दिक्कत माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउट कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म Microsoft Azure में आई है जिसका इस्तेमाल दुनियाभर की कई कंपनियां करती हैं.
हैदराबाद से 23 उड़ानें रद्द
माइक्रोसॉफ्ट सर्वर की गड़बड़ी के कारण हैदराबाद के RGIA एयरपोर्ट से 23 उड़ानों को रद्द किया गया है. स्थिति को देखते हुए उड़ानों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है.