रोज ट्रेन से सफर करने वालों की हुई बल्ले बल्ले, नए साल में टिकट के पैसे होंगे कम

भारतीय रेलवे 1 जनवरी 2027 से 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म कर उन्हें सामान्य मेल और एक्सप्रेस श्रेणी में शामिल करने जा रहा है.

Pinterest
Reepu Kumari

Indian Railways New Rule: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए नए साल की शुरुआत राहत भरी हो सकती है. भारतीय रेलवे कुछ ट्रेनों की श्रेणी में बदलाव करने जा रहा है. इसका सीधा असर टिकट के किराए पर पड़ेगा और यात्रियों को पहले के मुकाबले कम पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. खास बात यह है कि इस बदलाव का फायदा स्लीपर से लेकर एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को मिलने की संभावना है.

रेलवे ने 18 सुपरफास्ट ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा हटाकर उन्हें सामान्य मेल और एक्सप्रेस श्रेणी में शामिल करने का फैसला किया है. इसके बाद इन ट्रेनों में सफर करने वालों को सुपरफास्ट अधिभार नहीं देना होगा. हालांकि, किराए में राहत के साथ यात्रियों को एक और बदलाव के लिए तैयार रहना होगा. इन ट्रेनों के पुराने नंबर भी बदलने जा रहे हैं.

टिकट पर 30 से 75 रुपये तक बच सकते हैं

सुपरफास्ट अधिभार खत्म होने के बाद यात्रियों को उनकी टिकट श्रेणी के हिसाब से राहत मिलेगी. स्लीपर क्लास में 30 रुपये की बचत हो सकती है. वहीं एसी चेयर कार, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी और सेकेंड एसी के टिकट पर 45 रुपये कम खर्च करने पड़ सकते हैं. फर्स्ट एसी में सफर करने वालों को 75 रुपये तक की राहत मिलने की संभावना है.


इन 18 ट्रेनों के बदल जाएंगे नंबर

रेलवे के इस फैसले के तहत कई लोकप्रिय ट्रेनों के नंबर बदले जाएंगे. पूर्णागिरी जनशताब्दी, नैनी जनशताब्दी, कॉर्बेट पार्क लिंक और लिंक एक्सप्रेस भी इसमें शामिल हैं. मगध एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति और श्रमजीवी एक्सप्रेस के नंबर भी बदलेंगे.

पुराना नंबर छोड़ याद कर लें नई ट्रेन संख्या

 ट्रेन -पुराना नंबर-  नया नंबर 

  • टनकपुर-दिल्ली पूर्णागिरी -12035-15317    
  • दिल्ली-टनकपुर पूर्णागिरी -12036-15318    
  •  देहरादून-काठगोदाम नैनी -12091-15315    
  •  काठगोदाम-देहरादून नैनी -12092-15316    
  •  मुरादाबाद-रामनगर कॉर्बेट पार्क-25013-15313    
  •  रामनगर-मुरादाबाद कॉर्बेट पार्क -25014-15314    
  •  मुरादाबाद-रामनगर लिंक एक्सप्रेस -25035-15335    
  •  रामनगर-मुरादाबाद लिंक एक्सप्रेस -25036-15336    
  •  इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध-20801-18633    
  •  नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध -20802-18634    
  •  दरभंगा-जालंधर अंत्योदय-22551-15541    
  •  जालंधर-दरभंगा अंत्योदय -22552-15542    
  •  पाटलिपुत्र-चंडीगढ़- 22355-13255    
  •  चंडीगढ़-पाटलिपुत्र-22356-13256    
  •  मुजफ्फरपुर-आनंद विहार संपर्क क्रांति -12557-15577    
  •  आनंद विहार-मुजफ्फरपुर संपर्क क्रांति -12558-15578    
  •  राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी-12391-13291    
  •  नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी -12392-13292    

1 जनवरी 2027 से लागू होगा बदलाव

जानकारी के मुताबिक, ट्रेनों की श्रेणी और नंबर में यह बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होना है. इसके बाद यात्रियों को इन ट्रेनों में टिकट बुक करते समय नई व्यवस्था का ध्यान रखना होगा. खासकर नियमित रूप से सफर करने वाले लोगों को नए नंबर याद रखने चाहिए, ताकि स्टेशन या ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

टिकट बुक करने से पहले जरूर करें यह काम

अगर आप इन 18 ट्रेनों में सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले ट्रेन का नया नंबर जरूर जांच लें. पुराने नंबर से ट्रेन खोजने पर परेशानी हो सकती है. साथ ही यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक जानकारी से ट्रेन की श्रेणी और किराए की पुष्टि कर लें. इससे न सिर्फ टिकट बुकिंग आसान होगी, बल्कि नए बदलाव का फायदा उठाने में भी मदद मिलेगी.