ट्रेन सफर का मजा अब 'फ्री' में? रेलवे की धमाकेदार लॉयल्टी स्कीम, चाय-खाना से लेकर पूरा टिकट मुफ्त
भारतीय रेलवे ने नियमित यात्रियों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा लॉयल्टी प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी की है. इसमें प्रति किलोमीटर के आधार पर रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलेंगे.
नई दिल्ली: रेल यात्रा अब और भी फायदेमंद होने वाली है. भारतीय रेलवे ने एक क्रांतिकारी लॉयल्टी प्रोग्राम की घोषणा की है, जो नियमित यात्रियों को खास तोहफे देगा. चाय से लेकर पूरा खाना, मुफ्त टिकट और लग्जरी सुविधाएं तक सब कुछ पॉइंट्स से मिलेगा. यह कदम उन यात्रियों को लुभाने के लिए है जो छोटी दूरी के लिए बजट फ्लाइट्स या बस चुन रहे हैं. आईआरसीटीसी ऐप को डिजिटल वॉलेट की तरह अपडेट किया जाएगा, जहां पॉइंट्स जमा होंगे और धोखाधड़ी मुक्त रहेंगे.
रिवॉर्ड पॉइंट्स कैसे मिलेंगे?
यात्री जितनी ज्यादा दूरी तय करेंगे, उतने ज्यादा 'रेल पॉइंट्स' उनके आधार-लिंक्ड आईआरसीटीसी अकाउंट में जमा होंगे. हर किलोमीटर पर पॉइंट्स मिलेंगे, जिससे लंबी यात्रा ज्यादा फायदेमंद बनेगी. ये पॉइंट्स कैश की तरह इस्तेमाल हो सकेंगे. रेलवे बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि यह सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित होगा, क्योंकि पॉइंट्स सीधे आधार से जुड़े अकाउंट में आएंगे.
किन ट्रेनों में पहले शुरू होगी योजना?
यह धमाकेदार स्कीम अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर वंदे भारत और तेजस एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में लागू होगी. अगर सफल रही, तो सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में फैलाई जाएगी. रेलवे का लक्ष्य है कि रोजाना तीन करोड़ यात्रियों को इसमें शामिल किया जाए. 7000 से ज्यादा स्टेशनों और लाखों किलोमीटर की नेटवर्क को कवर करने वाला यह प्रोग्राम दुनिया में सबसे बड़ा होगा.
यात्रियों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे?
पॉइंट्स से टिकट बुकिंग पर छूट मिलेगी या पूरी टिकट मुफ्त हो सकेगी. ट्रेन में ई-कैटरिंग से मुफ्त भोजन मंगवाया जा सकेगा. स्टेशन के लग्जरी लाउंज में आराम फ्री होगा. थर्ड एसी से सेकंड एसी या सेकंड से फर्स्ट एसी में अपग्रेड आसान होगा. नीचे की बर्थ भी पॉइंट्स से प्राथमिकता मिलेगी. ऑफ-सीजन में पॉइंट्स की वैल्यू बढ़ाकर खाली सीटें भरी जा सकेंगी.
बजट एयरलाइंस को दी जा रही टक्कर
रेलवे को छोटी दूरी की सस्ती फ्लाइट्स और लग्जरी बसों से कड़ी चुनौती मिल रही है. यह लॉयल्टी प्रोग्राम यात्रियों को वापस ट्रेनों की ओर लौटाने का मजबूत हथियार साबित होगा. नियमित सफर करने वाले अब एयरलाइंस की बजाय रेलवे को प्राथमिकता देंगे. रेलवे की यह दूरगामी रणनीति यात्रा को सस्ता, आरामदायक और फायदेमंद बनाएगी.
और पढ़ें
- गर्मी की छुट्टियों में ट्रेन से करना चाहते हैं सफर? भारतीय रेलवे आपके लिए चलाएगी 1,484 समर स्पेशल ट्रेनें
- घर-घर में गैस की फिक्र, क्या आपका सिलेंडर भी खत्म होने की कगार पर? तीन आसान घरेलू तरीकों से चेक करें लेवल
- मिडिल ईस्ट तनाव के कारण LPG की किल्लत, PNG वालों को अब भी जीरो टेंशन; जानें दोनों में अंतर