होली के बाद भी राहत, रेलवे ने बढ़ाई स्पेशल ट्रेनों की अवधि; मार्च के अंत तक जारी रहेगी सेवा

होली त्योहार के बाद भी यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन मार्च 2026 के अंत तक बढ़ा दिया है.

ANI
Reepu Kumari

नई दिल्ली: होली का रंग उतर चुका है, लेकिन यात्रियों का उत्साह अभी थमा नहीं है. त्योहार के बाद घर लौटने या काम पर जाने वाले लाखों लोग ट्रेनों में भीड़ जुटा रहे हैं. इसे देखते हुए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं को बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली, पटना, दानापुर, पुणे, मुंबई, शेखपुरा, सहरसा जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ने वाली कई ट्रेनें अब मार्च के अंत तक चलेंगी. यह कदम उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत है जो नियमित ट्रेनों में सीट नहीं पा रहे थे. रेलवे का कहना है कि जहां डिमांड ज्यादा है, वहां स्पेशल ट्रेनें कुछ दिन और जारी रहेंगी.

पटना-दिल्ली रूट पर लगातार सेवा

गाड़ी संख्या 03293 पटना-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 16 मार्च से 30 मार्च तक हर रोज चलेगी. वहीं वापसी में 03294 नई दिल्ली-पटना स्पेशल 17 मार्च से 31 मार्च तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी. यह रूट बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे व्यस्त है, इसलिए रेलवे ने इसे रोजाना बनाए रखा है ताकि कोई भी फंसे नहीं.

दानापुर और आनंद विहार के बीच साप्ताहिक स्पेशल

03257 दानापुर-आनंद विहार स्पेशल 15 मार्च से 29 मार्च तक हर रविवार चलेगी. वापसी में 03258 आनंद विहार-दानापुर 16 मार्च से 30 मार्च तक हर सोमवार को उपलब्ध होगी. इसके अलावा 01143 लोकमान्य तिलक-दानापुर और 01144 दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेनें 10-31 मार्च तक रोजाना चल रही हैं, जो महाराष्ट्र-बिहार यात्रियों को बड़ा सहारा दे रही हैं.

शेखपुरा, मुजफ्फरपुर और अन्य बिहार रूटों पर विस्तार

03697 शेखपुरा-आनंद विहार स्पेशल 16-30 मार्च तक सोम, मंगल, शुक्र और शनिवार को चलेगी. 03698 आनंद विहार-शेखपुरा 17-31 मार्च तक मंगल, बुध, शनि और रविवार को. मुजफ्फरपुर-आनंद विहार के लिए 05219 और 05220 स्पेशल शुक्रवार और शनिवार को 13-28 मार्च तक उपलब्ध हैं. ये ट्रेनें छोटे शहरों से दिल्ली आने वालों के लिए खास हैं.

पूर्णिया, सहरसा और धनबाद से जुड़ी ट्रेनें

05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल 17-29 मार्च तक मंगल, शुक्र और रविवार को चलेगी. 05576 आनंद विहार-सहरसा हर मंगलवार 17-31 मार्च तक. धनबाद से दिल्ली और शकूरबस्ती के लिए 03309, 03310, 03639, 03640 स्पेशल ट्रेनें मार्च के अंत तक विभिन्न दिनों में चल रही हैं, जो झारखंड यात्रियों को फायदा पहुंचा रही हैं.

पुणे-दानापुर और अन्य लंबी दूरी की स्पेशल

01449 पुणे-दानापुर स्पेशल 10-31 मार्च तक रोजाना चलेगी. वापसी 01450 दानापुर-पुणे 12 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन. यह महाराष्ट्र-बिहार के बीच यात्रा को आसान बना रही है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट पहले से बुक करें और स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाएं ताकि सफर सुगम रहे.