Online Shopping Safety: आज के समय में कपड़े, जूते, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर रोजमर्रा का सामान तक घर बैठे मंगाया जा सकता है. मोबाइल पर कुछ क्लिक करते ही ऑर्डर हो जाता है और सामान दरवाजे तक पहुंच जाता है. लेकिन इसी सुविधा के बीच ऑनलाइन ठगी का खतरा भी बना रहता है. खासकर तब, जब किसी वेबसाइट पर बाजार कीमत से बहुत कम दाम में कोई महंगा सामान मिलने लगे. लेकिन थोड़ी सी सावधानी अगर बरता जाए तो आप भारी नुकसान से बच सकते हैं.
सबसे पहले वेबसाइट के URL को ध्यान से देखें. फर्जी साइटें अक्सर लोकप्रिय ब्रांड या शॉपिंग प्लेटफॉर्म के नाम से मिलता जुलता डोमेन इस्तेमाल करती हैं. नाम में एक छोटी स्पेलिंग गलती, अतिरिक्त शब्द या अलग डोमेन संदेह पैदा कर सकता है. वेबसाइट का पता HTTPS से शुरू हो रहा है या नहीं, यह भी जांचें.
हालांकि, केवल HTTPS देखकर किसी वेबसाइट को पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानना चाहिए. वेबसाइट का नाम और डोमेन ध्यान से पढ़ना जरूरी है. अगर URL असली वेबसाइट जैसा दिखने की कोशिश कर रहा हो, लेकिन उसमें मामूली बदलाव नजर आए, तो खरीदारी करने से पहले रुककर जांच करना बेहतर है.
किसी महंगे प्रोडक्ट पर बाकी वेबसाइटों की तुलना में असामान्य रूप से बड़ा डिस्काउंट देखकर सावधान हो जाना चाहिए. बहुत कम कीमत वाला ऑफर आकर्षक जरूर लगता है, लेकिन यही लालच फर्जी वेबसाइट तक भी पहुंचा सकता है. इसलिए खरीदारी से पहले उसी प्रोडक्ट की कीमत दूसरी भरोसेमंद वेबसाइटों पर भी देख लें.
अगर कीमत में बहुत बड़ा अंतर है और ऑफर पर विश्वास करने की कोई स्पष्ट वजह नहीं मिल रही, तो जल्दबाजी में भुगतान न करें. सिर्फ भारी डिस्काउंट देखकर किसी वेबसाइट को भरोसेमंद मान लेना ठीक नहीं है. थोड़ी जांच आपको संभावित नुकसान से बचा सकती है.
वेबसाइट के About Us, Contact Us, Return Policy और Refund Policy जैसे पेज जरूर देखें. कंपनी का पूरा पता, फोन नंबर और ईमेल जैसी जानकारी साफ तौर पर दी गई है या नहीं, इसकी जांच करें. अगर संपर्क की जानकारी अधूरी है या केवल एक मोबाइल नंबर दिया गया है, तो सावधानी बरतना जरूरी है.
इसके अलावा वेबसाइट के बारे में इंटरनेट पर रिव्यू और शिकायतें भी खोजें. वेबसाइट का नाम लिखकर उसके साथ 'review', 'scam' या 'complaint' जैसे शब्दों से सर्च किया जा सकता है. अगर कई ग्राहक पैसे कटने, सामान नहीं मिलने या रिफंड अटकने की शिकायत कर रहे हैं, तो ऐसी साइट से दूरी बनाएं.
अनजान वेबसाइट पर भुगतान करते समय बैंक अकाउंट, कार्ड या दूसरी संवेदनशील जानकारी देने से पहले अच्छी तरह जांच कर लें. अगर वेबसाइट पर Cash on Delivery का विकल्प उपलब्ध है, तो इसे चुना जा सकता है. हालांकि, COD को भी वेबसाइट की विश्वसनीयता की गारंटी नहीं समझना चाहिए.
ऑनलाइन खरीदारी में सबसे जरूरी बात जल्दबाजी से बचना है. आकर्षक ऑफर, कम कीमत या जल्दी खरीदने का दबाव देखकर तुरंत फैसला न लें. वेबसाइट का URL, कीमत, संपर्क विवरण, रिव्यू और रिफंड से जुड़ी जानकारी जांचने में कुछ मिनट लग सकते हैं, लेकिन यही सावधानी संभावित ऑनलाइन ठगी से बचाने में मदद कर सकती है.